1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. Matthew Breetzke ने ODI में बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, पूरी दुनिया में ऐसा करने वाले इकलौते बल्लेबाज

Matthew Breetzke ने ODI में बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, पूरी दुनिया में ऐसा करने वाले इकलौते बल्लेबाज

 Published : Sep 04, 2025 10:41 pm IST,  Updated : Sep 04, 2025 10:41 pm IST

मैथ्यू ब्रीट्जके ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में बेहतरीन बल्लेबाजी की है। उन्होंने अर्धशतक लगाते हुए एक खास रिकॉर्ड बना दिया है।

Matthew Breetzke- India TV Hindi
मैथ्यू ब्रीट्जके Image Source : GETTY

इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के बीच दूसरा वनडे मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इसके बाद साउथ अफ्रीकी टीम के लिए बल्लेबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और टीम ने निर्धारित 50 ओवर्स में कुल 330 रन बनाए। टीम के लिए मैथ्यू ब्रीट्जके ने दमदार बल्लेबाजी का नमूना पेश किया है।

मैथ्यू ब्रीट्जके ने खेली 85 रनों की पारी

मैथ्यू ब्रीट्जके ने अपनी पारी की शुरुआत से ही ताबड़तोड़ बैटिंग की। उन्होंने 77 गेंदों में 85 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और तीन छक्के शामिल रहे। उनका वनडे क्रिकेट में ये लगातार पांचवां फिफ्टी प्लस स्कोर है। उन्होंने अपने डेब्यू के बाद से ही ये पांचों पारियां खेली हैं। वह वनडे क्रिकेट के इतिहास में पहले ऐसे बल्लेबाज बने हैं, जिन्होंने करियर के शुरुआती पांच वनडे मैचों में 50+ स्कोर बनाए हैं। उनसे पहले ऐसा कोई भी नहीं कर पाया था। अब उन्होंने ये ऐतिहासिक वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है।

लगातार पांचवें वनडे मैच में बनाया 50+ स्कोर

मैथ्यू ब्रीट्जके ने साउथ अफ्रीका के लिए वनडे क्रिकेट में फरवरी 2025 में डेब्यू किया था। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने पहले ही वनडे मैच में 150 रनों की पारी खेली थी। इसके बाद पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे मैच में 83 रन, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे और चौथे मैच में 57 और 88 रनों की पारियां खेली। अब इंग्लैंड के खिलाफ भी उनकी प्रचंड फॉर्म जारी रही और उन्होंने गेंदबाजों की जमकर बखिया उधेड़ी है और 85 रनों की पारी खेल दी है।

करियर की शुरुआती पांच वनडे पारियों के बाद बनाए सबसे ज्यादा रन

मैथ्यू ब्रीट्जके वनडे क्रिकेट में करियर की शुरुआती पांच पारियों के बाद सबसे ज्यादा रन बनाने वाले प्लेयर भी बन गए हैं। उन्होंने अभी तक डेब्यू के बाद से पांच पारियों में कुल 463 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और चार अर्धशतक शामिल रहे हैं। उन्होंने टॉम कूपर का रिकॉर्ड तोड़ा है। कूपर ने शुरुआती पांच वनडे पारियों के बाद कुल 374 रन बनाए थे।

अफ्रीकी बल्लेबाजों का दमदार प्रदर्शन

इंग्लैंड के खिलाफ साउथ अफ्रीका की दमदार शुरुआत हुई। जब एडन माक्ररम और रेयान रिकेल्टन ने पहले विकेट के लिए 73 रनों की साझेदारी की। इन दोनों प्लेयर्स ने ही बड़े स्कोर की नींव रख दी थी। बाद में मैथ्यू ब्रीट्जके ने 85 रन और ट्रिस्टन स्टब्स ने 58 रन बनाए। अंत में डेवाल्ड ब्रेविस ने 20 गेंदों में 42 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और तीन छक्के शामिल रहे। इन प्लेयर्स की वजह से ही साउथ अफ्रीकी टीम 330 रन बनाने में सफल रही।

यह भी पढ़ें:

भारत की वर्ल्ड कप की स्क्वाड में अचानक हुआ बदलाव, चोटिल प्लेयर बाहर; रिप्लेसमेंट का भी ऐलान

Hockey Asia Cup 2025: भारत ने मलेशिया को चटाई धूल, जीत में गोल करके हीरो बने ये प्लेयर्स

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल