1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. मुकाबले में नहीं फेंकी गई एक भी गेंद, फाइनल में पहुंची ये टीम, आखिर हुआ कैसे ये सब

मुकाबले में नहीं फेंकी गई एक भी गेंद, फाइनल में पहुंची ये टीम, आखिर हुआ कैसे ये सब

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : Jul 09, 2025 11:05 am IST,  Updated : Jul 09, 2025 11:05 am IST

MLC 2025: अमेरिका में खेली जा रही मेजर क्रिकेट लीग के तीसरे सीजन का क्वालीफायर-1 मुकाबला बारिश के चलते रद्द हो जाने की वजह से वॉशिंगटन फ्रीडम की टीम सीधे फाइनल में पहुंच गई। इस मुकाबले में टॉस हो जाने के बाद लगातार बारिश होने की वजह से एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी।

MLC 2025- India TV Hindi
एमएलसी 2025 Image Source : SCREENGRAB/X

मेजर क्रिकेट लीग 2025 का सीजन अब अपने नॉकआउट दौर में पहुंच गया है, जिसमें 9 जुलाई को डलास में पहला क्वालीफायर मुकाबला वॉशिंगटन फ्रीडम और टेक्सस सुपर किंग्स के बीच में खेला जाना था। इस मैच को लगातार बारिश होने की वजह से रद्द करने का फैसला लिया गया, जिसमें वॉशिंगटन फ्रीडम की टीम लीग स्टेज खत्म होने के बाद प्वाइंट्स टेबल में नंबर-1 की पोजीशन पर होने के चलते सीधे फाइनल में पहुंचने में कामयाब हो गई।

14 जुलाई को खेला जाएगा फाइनल मुकाबला

एमएलसी में वॉशिंगटन फ्रीडम की टीम लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंचने में कामयाब हुई है। इस मुकाबले में टॉस को वॉशिंगटन फ्रीडम की टीम ने जीता था, जिसमें उन्होंने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। इसके बाद जैसे ही मैच शुरू होने वाला था उसी समय बारिश शुरू हो गई जिसके बाद मैच वहां के स्थानीय समयानुसार रात 9:45 पर रद्द करने का फैसला लिया गया। अब वॉशिंगटन फ्रीडम की टीम 14 जुलाई को होने वाले फाइनल मुकाबले में खेलने उतरेगी, जिसमें उनकी भिड़ंत क्वालीफायर-2 मुकाबले में जीत हासिल करने वाली टीम से होगी।

टेक्सस सुपर किंग्स अब खेलेगी अब क्वालीफायर-2 मुकाबला

फाफ डु प्लेसिस की कप्तानी में खेल रही टेक्सस सुपर किंग्स की टीम ने लीग स्टेज खत्म होने के बाद 10 मैचों में 7 में जीत हासिल की थी और 14 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर खत्म किया था। अब क्वालीफायर-1 मुकाबला रद्द होने के बाद टेक्सस सुपर किंग्स के पास अभी भी फाइनल मुकाबला खेलने का मौका बाकी है, जिसमें उसे क्वालीफायर-2 मैच में जीत हासिल करनी होगी। टेक्सस सुपर किंग्स की भिड़ंत इस मैच में किस टीम से होगी इसका फैसला 10 जुलाई को सेन फ्रांसिस्को यूनीकॉर्न और एमआई न्यूयॉर्क के बीच होने वाले एलिमिनेटर मुकाबले के परिणाम से तय होगा। अभी तक एमएलसी के तीसरे सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में टेक्सस सुपर किंग्स टीम के कप्तान फाफ डु प्लेसिस सबसे आगे हैं, जिनके बल्ले से कुल 409 रन देखने को मिले हैं।

ये भी पढ़ें

IND vs ENG: भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए इंग्लैंड ने किया स्क्वाड का ऐलान, इन 15 प्लेयर्स को मिली जगह

पाकिस्तानी प्लेयर्स की हुई चांदी, सैलरी में हुआ जबरदस्त इजाफा, डोमेस्टिक क्रिकेटर्स पर गिरी गाज

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल