1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. Yearender 2021: जो रूट और मोहम्मद रिजवान समेत इन खिलाड़ियों ने साल 2021 में लगाया रनों का अंबार

Yearender 2021: जो रूट और मोहम्मद रिजवान समेत इन खिलाड़ियों ने साल 2021 में लगाया रनों का अंबार

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Dec 26, 2021 07:20 pm IST,  Updated : Dec 26, 2021 07:23 pm IST

टेस्ट क्रिकेट में जहां इस साल इंग्लैंड के कप्तान जो रूट का दबदबा रहा, वहीं टी20 फॉर्मेट में पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान छाए रहे।

most runs in 2021 test odi and t20i yearender joe root mohammad rizwan rohit sharma- India TV Hindi
most runs in 2021 test odi and t20i yearender joe root mohammad rizwan rohit sharma Image Source : GETTY IMAGES

साल 2021 क्रिकेट प्रेमियों के लिए शानदार रहा। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के साथ इस साल टी20 वर्ल्ड कप भी खेला गया। इन दो बड़े इवेंट्स के कारण वनडे क्रिकेट टेस्ट और टी20 के मुकाबले कम सुर्खियां बटोर पाया। टेस्ट क्रिकेट में जहां इस साल इंग्लैंड के कप्तान जो रूट का दबदबा रहा, वहीं टी20 फॉर्मेट में पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान छाए रहे। आइए जानते हैं साल 2021 में सबसे अधिक रन बनाने वाले 10 बल्लेबाज-

टेस्ट क्रिकेट

1) जो रूट

Joe Root
Image Source : GETTY IMAGESJoe Root

इंग्लैंड टेस्ट टीम के कप्तान जो रूट के लिए यह साल उनके करियर का बेहतरीन साल रहा। क्रिकेट के सबसे लंबे प्रारूप में रूट ने 14 मैच खेलते हुए 62.69 की औसत से 1630 रन बनाए। इससे पहले साल 2016 में उन्होंने सबसे अधिक 1477 रन बनाए थे। इस साल रूट के बल्ले से 2 दोहरे शतक 6 शतक निकले। इस शानदार फॉर्म के साथ वह एक साल में सबसे अधिक टेस्ट रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में मोहम्मद यूसुफ (1788), विव रिचर्ड्स (1710) और ग्रीम स्मिथ (1656) के बाद चौथे स्थान पर है।

2) रोहित शर्मा 

Rohit Sharma
Image Source : GETTY IMAGESRohit Sharma

साल 2019 से क्रिकेट के सबसे लंबे प्रारूप में भी ओपनर बनने के बाद रोहित शर्मा की टेस्ट क्रिकेट की गाड़ी भी पटरी पर लौट आई। इस साल रोहित टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में 906 रनों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। घरेलू सरजमीं पर रन बनाने के साथ-साथ रोहित ने इंग्लैंड में भी लाजवाब प्रदर्शन कर सुर्खिया बटोरी। रोहित ने 2021 में 47.68 की औसत के साथ दो शतक भी जड़े।

3) दिमुथ करुणारत्ने

dimuth karunaratne
Image Source : GETTY IMAGESdimuth karunaratne

श्रीलंका टेस्ट टीम के कप्तान दिमुथ करुणारत्ने के लिए भी यह ड्रीम ईयर रहा है। इस साल टेस्ट क्रिकेट में बाएं हाथ के इस खिलाड़ी का बल्ला जमकर बोला है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ जोहान्सबर्ग में शतक जड़ करुणारत्ने ने इस साल की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दो शतक और एक दोहरा शतक भी जड़ा। 2021 में 7 मैच खेलते हुए श्रीलंकाई कप्तान ने 69.38 की बेहतरीन औसत से 902 रन बनाए।

4) ऋषभ पंत

Rishabh Pant
Image Source : GETTY IMAGESRishabh Pant

भारतीय टीम के नियमित विकेट कीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के लिए भी साल 2021 लाजवाब रहा। उनके द्वारा गाबा में खेली गई मैच जिताऊ पारी हमेशा सबको याद रहेगी। गाबा से पहले पंत ने सिडनी में भी 97 रन की जबरदस्त पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया में धमाल मचाने के बाद पंत का बल्ला घरेलू सरजमीं पर भी जमकर बोला। इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी टेस्ट मैच में उन्होंने साल का पहला शतक भी जड़ा। इस साल पंत के बल्ले से 41.52 की औसत से 706 रन निकले।

5) आबिद अली

Abid Ali
Image Source : GETTY IMAGESAbid Ali

पाकिस्तान टीम के सलामी बल्लेबाज आबिद अली ने साल 2021 में 49.64 की औसत से 695 रन बनाए। वह इस साल पाकिस्तान के लिए क्रिकेट के सबसे लंबे प्रारूप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। अबिद ने इस दौरान जिम्बाब्वे के खिलाफ 215 रन की नाबाद पारी खेलते हुए दोहरा शतक जड़ा, वहीं बांग्लादेश के खिलाफ उन्होंने 133 रन की शतकीय पारी खेली।

टी20 क्रिकेट

6) मोहम्मद रिजवान

Mohammad Rizwan
Image Source : GETTY IMAGESMohammad Rizwan

जिस तरह टेस्ट क्रिकेट में जो रूट ने इस साल अपना दबदबा बना रखा था उसी तरह पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ने टी20 क्रिकेट में अपनी बादशाहत बनाई। इस साल रिजवान ने क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में 73.66 की शानदार औसत से 1326 रन बनाए। जबकि इस साल कोई अन्य बल्लेबाज एक हजार रन का आंकड़ा भी नहीं छू पाया। रिजवान ने इस दौरान 12 अर्धशतक और 1 शतक भी जड़ा।

7) बाबर आजम

Babar Azam
Image Source : GETTY IMAGESBabar Azam

पाकिस्तान के कप्तान और सलामी बल्लेबाज बाबर आजम टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में अपने साथ मोहम्मद रिजवान के बाद दूसरे स्थान पर रहे। बाबर ने साल 2021 में खेले 29 मैचों में 37.56 की औसत से 939 रन बनाए। टी20 वर्ल्ड कप 2021 के सेमीफाइनल में पाकिस्तान को पहुंचाने में इन दोनों बल्लेबाजों का अहम योगदान था।

8) मार्टिन गप्टिल

Martin Guptill
Image Source : GETTY IMAGESMartin Guptill

इस साल टी20 क्रिकेट में न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज मार्टिन गप्टिल सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में तीसरे स्थान पर रहे। गप्टिल ने 18 मैचों में 37.66 की औसत से 678 रन बनाए। उनके लाजवाब प्रदर्शन से कीवी टीम टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल तक पहुंचने में सफल रही, लेकिन वहीं उन्हें ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा।

वनडे क्रिकेट 

9) पॉल स्टर्लिंग

paul stirling
Image Source : GETTY IMAGESpaul stirling

आयरलैंड के सलामी बल्लेबाज पॉल स्टर्लिंग इस साल वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। स्टर्लिंग के बल्ले से इस साल 54.23 की शानदार औसत से 705 रन निकले। इस दौरान उन्होंने 3 शतक और दो अर्धशतक भी जड़े। स्टर्लिंग का सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 131 रन रहा।

10) जानेमन मलान

janneman malan
Image Source : GETTY IMAGESjanneman malan

साउथ अफ्रीका के युवा सलामी बल्लेबाज जानेमन मलान ने इस साल वनडे क्रिकेट में 84.83 के औसत से रन बनाकर खूब सुर्खिया बटोरी। साल 2021 में उनके बल्ले से 509 रन निकले जिसमें 2 शतक और 2 अर्धशतक शामिल है। इस दौरान जानेमन मलान का सर्वाधिक स्कोर नाबाद 177 रन का रहा।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल