इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में पांच बार अब तक इस ट्रॉफी को अपने नाम कर चुकी मुंबई इंडियंस की टीम के लिए ये सीजन बिल्कुल भी अच्छा नहीं रहा है। हार्दिक पांड्या की कप्तानी में लगातार तीसरे सीजन में खेल रहे मुंबई इंडियंस ने आगाज तो जीत के साथ किया लेकिन उसके बाद खेले तीन मैचों में उन्हें लगातार हार का सामना करना पड़ा। ऐसे में उनके लिए अब सीजन के आगामी मुकाबले काफी अहम हो गए हैं, जिसमें मुंबई इंडियंस के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है, जिसमें उनके धाकड़ ऑलराउंडर खिलाड़ी इंग्लैंड के विल जैक्स जल्द ही स्क्वाड के साथ जुड़ जाएंगे।
इस हफ्ते के आखिर में भारत पहुंचेंगे विल जैक्स
विल जैक्स को लेकर बात की जाए तो वह इंटरनेशनल शेड्यूल के चलते आईपीएल 2026 के शुरुआती मैचों में मुंबई इंडियंस की स्क्वाड से जुड़ नहीं पाए थे। अब जैक्स इस हफ्ते के आखिर में भारत पहुंच जाएंगे, जिसमें वह मुंबई इंडियंस की स्क्वाड के साथ जुड़ेंगे। एशेज दौरे के बाद विल जैक्स ने अपने वर्कलोड को मैनेज करने के लिए क्रिकेट से कुछ समय के लिए ब्रेक लेने का फैसला किया था। विल जैक्स ने साल 2025-26 में खेली गई एशेज सीरीज के 5 में से चार मुकाबले खेले थे, इसके बाद वह श्रीलंका दौर पर इंग्लैंड की टीम का हिस्सा रहने के अलावा टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी इंग्लैंड की स्क्वाड में शामिल थे। टी20 वर्ल्ड कप में जैक्स का बल्ले से बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिला था, जिसमें उन्होंने 226 रन बनाए थे और इसके अलावा गेंदबाजी में वह 9 विकेट लेने में कामयाब रहे थे।
बैटिंग कोच ने जैक्स को लेकर दी अपडेट
मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजी कोच कायरन पोलार्ड ने विल जैक्स को लेकर पूछे गए सवाल पर उनके जल्द ही टीम के साथ जुड़ने की पुष्टि की, जिसमें उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि विल जैक्स बहुत जल्द यहां पहुंच जाएंगे। जैसा कि आपने फिटनेस से जुड़ी दिक्कतों का जिक्र किया तो मुझे इस बारे में कुछ नहीं पता। हमारी टीम में 20 से अधिक खिलाड़ी हैं और इस समय वह यहां मौजूद नहीं हैं, लेकिन जैक्स जल्द ही यहां पहुंच जाएंगे। मुंबई इंडियंस को अपना अगला मुकाबला 16 अप्रैल को पंजाब किंग्स की टीम के खिलाफ अपने होम ग्राउंड पर खेलना है, जिसमें उनके फॉर्म को देखते हुए मुंबई के लिए ये मुकाबला बिल्कुल भी आसान काम नहीं रहने वाला है। पंजाब किंग्स की टीम ने अभी तक इस सीजन में 4 मुकाबले खेले हैं और तीन को उन्होंने जीता है, जबकि एक मैच बारिश में धुल गया था।
ये भी पढ़ें
IPL 2026: धोनी ने लगातार 5वां मैच मिस करते ही बना दिया नया इतिहास, पहली बार हुआ ऐसा
पैट कमिंस की वापसी पर आया बड़ा अपडेट, सबकुछ ठीक रहा तो इस दिन होगी भारत वापसी