1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. भारत के खिलाफ कैसी होगी पाकिस्तान की Playing 11? बाबर, रिजवान सहित इन प्लेयर्स को मिल सकती है एंट्री

भारत के खिलाफ कैसी होगी पाकिस्तान की Playing 11? बाबर, रिजवान सहित इन प्लेयर्स को मिल सकती है एंट्री

 Published : Feb 22, 2025 04:47 pm IST,  Updated : Feb 22, 2025 04:51 pm IST

IND vs PAK: दुनियाभर के क्रिकेट फैंस को 23 फरवरी का बहुत ही ब्रेसब्री से इंतजार है और इस दिन भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट टीमें दुबई के मैदान पर चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में मुकाबला खेलेंगी।

पाकिस्तानी कप्तान मोहम्मद रिजवान- India TV Hindi
पाकिस्तानी कप्तान मोहम्मद रिजवान Image Source : AP

Pakistan vs India ICC Champions Trophy 2025: पाकिस्तानी टीम की चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में शुरुआत बहुत ही खराब रही थी। जब उसे अपने पहले ही मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ 60 रनों से हार झेलनी पड़ी। अब पाकिस्तानी टीम 23 फरवरी को भारत के खिलाफ महामुकाबला खेलेगी। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए पाकिस्तानी टीम के लिए ये मैच बहुत ही अहम है। अगर पाकिस्तान ये मैच भी हार जाता है, तो उसके लिए सेमीफाइनल के रास्ते लगभग बंद हो जाएंगे। ऐसे में अब भारत के खिलाफ पाकिस्तान कोई भी कमी नहीं छोड़ना चाहेगा। आइए जानते हैं कि भारत के खिलाफ पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन कैसी हो सकती है ? 

इमाम को मिल सकता है मौका

न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले मैच में पाकिस्तानी टीम के ओपनर फखर जमां चोटिल हो गए थे और फिर वह चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से बाहर हो गए और उनकी जगह स्क्वाड में इमाम उल हक को मौका मिला। अब फखर के बाहर होने के बाद पाकिस्तानी प्लेइंग इलेवन में बदलाव होना पूरी तरह से तय है। स्क्वाड के बाद प्लेइंग इलेवन में भी इमाम की वापसी हो सकती है और वह बाबर आजम के साथ ओपनिंग करते हुए नजर आ सकते हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में बाबर आजम ने अर्धशतक तो लगाया था, लेकिन उन्होंने बहुत ही धीमी बल्लेबाजी की थी और 90 गेंदों में सिर्फ 64 रन बना पाए थे। ऐसे में वह बड़ी पारी खेलना चाहेंगे। भारत के खिलाफ मैच में तीसरे नंबर पर सऊद शकील को चांस मिल सकता है। 

तैयब ताहिर को मिल सकती है जगह

चौथे नंबर पर कप्तान मोहम्मद रिजवान खुद उतर सकते हैं और विकेटकीपर की जिम्मेदारी भी संभाल सकते हैं। पांचवें नंबर पर सलमान अली आगा को मौका मिल सकता है। सलमान अच्छी लय में नजर आ रहे हैं और उनके बल्ले से रन भी निकल रहे हैं। वहीं वह गेंदबाजी का ऑप्शन भी उपलब्ध कराते हैं। तैयब ताहिर को भी प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बनाया जा सकता है। 

खुशदिल ने लगाया था अर्धशतक

ऑलराउंडर की जिम्मेदारी खुशदिल शाह को सौंपी जा सकती है। खुशदिल ने न्यूजीलैंड के मैच में बल्ले से अपनी काबिलियत साबित की थी। तब उन्होंने सिर्फ 49 गेंदों में ही 69 रन बनाए थे, जिसमें उनके बल्ले से 10 चौके और एक छक्का निकला था। स्पिनर के तौर पर अबरार अहमद को खिलाया जा सकता है। 

न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफ और नसीम शाह की तेज गेंदबाजी तिकड़ी अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम साबित हुई थी। इसी वजह से कीवी टीम ने 320 रनों का स्कोर बनाया था। तब रऊफ सबसे महंगे साबित हुए थे और उन्होंने 10 ओवर में 83 रन देकर 2 विकेट चटकाए थे। लेकिन इन तीनों ही गेंदबाजों के पास अनुभव है। इसी वजह से इन्हें भारत के खिलाफ भी मौका मिल सकता है। 

भारत के खिलाफ मैच के लिए पाकिस्तानी टीम की संभावित Playing 11: 

मोहम्मद रिजवान (कप्तान), इमाम उल हक, बाबर आजम, सऊद शकील, सलमान अली आगा, तैयब ताहिर, खुशदिल शाह, अबरार अहमद, शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफ और नसीम शाह। 

यह भी पढ़ें: 

शुभमन गिल को लेकर वर्ल्ड कप विजेता कप्तान की बड़ी भविष्यवाणी, बताया क्यों हैं वह स्पेशल खिलाड़ी

दुबई में क्या फिर दिखेगा गेंदबाजों का दबदबा या बल्लेबाज होंगे हावी, जानें पिच के बारे में पूरी जानकारी

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल