Asia Cup 2025: एशिया कप 2025 के बीच पाकिस्तान क्रिकेट टीम की ओर से गीदड़भभकी दी गई। पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने कहा कि वह ग्रुप-ए के आखिरी मैच में UAE के खिलाफ नहीं खेलेगी। पाकिस्तान क्रिकेट टीम तय समय पर होटल से भी नहीं निकली, जिसके बाद लगने लगा कि पाकिस्तान और UAE के बीच मुकाबला नहीं होगा। हालांकि, कुछ देर बाद खबर आई कि PCB अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने पाकिस्तान टीम को स्टेडियम पहुंचने का निर्देश दिया है। इस दौरान काफी समय की बर्बादी हुई। नतीजा ये हुआ कि मैच में एक घंटे की देरी हो गई।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान ने भारतीय खिलाड़ियों के हाथ नहीं मिलाने के बाद खड़े हुए विवाद के चलते यह फैसला लिया था। उन्होंने ICC मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट को हटाने की मांग की थी और आरोप लगाया था कि उन्होंने भारत के खिलाफ मैच में हाथ मिलाने के विवाद में भारत का पक्ष लिया था। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड का एशिया कप में एंडी पाइक्रॉफ्ट को मैच रेफरी के पद से हटाने के लिए ICC को भेजा दूसरा मेल भी खारिज हो गया। इस बात से नाराज पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने पाकिस्तानी टीम को होटल में रुकने को कहा। हालांकि, कुछ देर बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड अपनी बात से पलट गया और मैच खेलने के लिए अपने खिलाड़ियों को स्टेडियम पहुंचने के लिए कह दिया।
पाइक्रॉफ्ट बने रहेंगे मैच रेफरी
इस बीच खबर आई है कि पाइक्रॉफ्ट पाकिस्तान बनाम UAE के मुकाबले में मैच रेफरी बने रहेंगे और अगर पाकिस्तान आज का मैच खेलने नहीं आता है तो संयुक्त अरब अमीरात यानी UAE को पूरे 2 पॉइंट दे दिए जाएंगे। इस तरह UAE की टीम सुपर-4 में जगह बनाने में कामयाब हो जाएगी।
नो हैंड शेक से खड़ा हुआ विवाद
गौरतलब है कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड भारत से हारने के बाद से ही खफा चल रहा है। उस मैच में सूर्यकुमार यादव ने टॉस के बाद पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाया था। टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराने के बाद पाकिस्ताी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया था। कप्तान सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे जीत दिलाने के बाद मैदान से सीधा ड्रेसिंग रूम चले गए थे। इस दौरान पाकिस्तानी टीम भारतीय खिलाड़ियों के मैदान पर आने का इंतजार करते रहे लेकिन टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम का दरवाजा बंद कर दिया गया। इस तरह पाकिस्तानी टीम को घनघोर बेइज्जती का सामना करना पड़ा, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ।
यह भी पढ़ें
Asia Cup 2025: अफगानिस्तान की हार से सुपर-4 में पहुंचने की रेस हुई रोमांचक, बन रहे हैं अब ये समीकरण