1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पाकिस्तानी कप्तान की ख्वाहिश, धोनी की तरह कैप्टन कूल बनना

पाकिस्तानी कप्तान की ख्वाहिश, धोनी की तरह कैप्टन कूल बनना

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Sep 03, 2025 03:16 pm IST,  Updated : Sep 03, 2025 03:18 pm IST

पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम वर्ल्ड कप 2025 में शिरकत करेगी। इस बार वर्ल्ड कप में टीम की कमान 23 साल की फातिमा सना के हाथों में होगी।

Pakistan- India TV Hindi
भारत बनाम पाकिस्तान Image Source : AP

पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम की युवा ऑलराउंडर फातिमा सना आगामी ICC महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में मात्र 23 साल की उम्र में टीम की कप्तानी करने जा रही हैं। भारत और श्रीलंका में 30 सितंबर से 2 नवंबर तक होने वाले इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान अपने अभियान की शुरुआत 2 अक्टूबर को कोलंबो में बांग्लादेश के खिलाफ करेगा।

फातिमा ने स्वीकार किया कि इतने बड़े टूर्नामेंट में कप्तानी संभालना आसान नहीं है और शुरुआत में घबराहट होना स्वाभाविक है। लेकिन उन्होंने बताया कि वह भारत के वर्ल्ड कप विजेता कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से प्रेरणा लेती हैं। फातिमा का कहना है कि धोनी जिस तरह शांत रहकर फैसले लेते थे और अपने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते थे, उनसे उन्होंने बहुत कुछ सीखा है। 

धोनी की तरह कैप्टन कूल बनने की ख्वाहिश

फातिमा ने लाहौर से भाषा के साथ बातचीत में कहा कि जब उन्हें कप्तानी मिली थी, तभी सोचा था कि धोनी की तरह ‘कैप्टन कूल’ बनना है। उनके मैच और इंटरव्यू देखकर उन्होंने लीडरशिप के कई गुण सीखे। पाकिस्तान की महिला टीम अब तक पांच बार (1997, 2009, 2013, 2017 और 2022) वर्ल्ड कप खेल चुकी है, लेकिन प्रदर्शन निराशाजनक रहा। 1997, 2013 और 2017 में टीम एक भी मैच नहीं जीत सकी। पिछली बार 2022 में सिर्फ वेस्टइंडीज के खिलाफ हैमिल्टन में एक जीत मिली थी और टीम आखिरी स्थान पर रही थी।

पाकिस्तान को सेमीफाइनल में ले जाना लक्ष्य

फातिमा का मानना है कि इस बार टीम का प्रदर्शन अलग होगा। उन्होंने कहा कि हम अतीत को पीछे छोड़कर नए सिरे से शुरुआत करना चाहते हैं। हमारा लक्ष्य पाकिस्तान को सेमीफाइनल तक ले जाना है। फातिमा ने आगे कहा कि पाकिस्तान में अब लड़कियां स्कूल स्तर पर क्रिकेट खेल रही हैं और अंतरराष्ट्रीय मैचों का सीधा प्रसारण भी बढ़ा है। साथ ही, ICC द्वारा महिला वर्ल्ड कप की प्राइज मनी बढ़ाना महिला क्रिकेट के लिए बड़ा प्रोत्साहन है। हालांकि उन्होंने यह भी माना कि अभी भी कई बाधाएं हैं, जिन्हें इस टूर्नामेंट के जरिए तोड़ना है।

इस दिन भिड़ेंगे भारत और पाकिस्तान

गौरतलब है कि ICC वूमेन्स ODI वर्ल्ड कप 2025 में पाकिस्तान टीम 5 अक्टूबर को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में टीम इंडिया से भिड़ेगी। इस मुकाबले का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस बार वर्ल्ड कप में कुल 8 टीमें शिरकत करेंगी। इनमें पाकिस्तान और भारत के अलावा ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका, श्रीलंका और बांग्लादेश शामिल हैं।

(PTI Inputs)

यह भी पढ़ें

हारिस रऊफ ने बल्ले से रच दिया कीर्तिमान, पाकिस्तान के लिए इस नंबर पर खेली सबसे बड़ी पारी

धाकड़ अफगान ऑलराउंडर ने रचा इतिहास, ऐसा करने वाले बने दुनिया के सिर्फ दूसरे क्रिकेटर

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल