IPL 2026 का लीग स्टेज समाप्ति की ओर है। प्लेऑफ में 3 टीमें अपनी जगह पक्की कर चुकी हैं। इनमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद की टीम शामिल हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने सबसे पहले प्लेऑफ का टिकट हासिल किया था। अब टीम की नजरें पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर अपना स्थान बरकरार रखने पर लगी हैं। इस बीच टीम के लिए एक बड़ी खबर आई है, जिसने RCB फैंस को खुश होने का मौका दे दिया है। दरअसल, RCB के स्टार बल्लेबाज और ओपनर फिल सॉल्ट की वापसी का रास्ता साफ हो गया है। 1 महीने से ज्यादा वक्त टीम से बाहर रहने के बाद सॉल्ट IPL 2026 में वापसी करने जा रहे हैं। सॉल्ट ने अपना आखिरी IPL मुकाबला 18 अप्रैल को बेंगलुरु में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेला था, जिसके बाद वह चोट के कारण बाहर हो गए थे। अब प्लेऑफ से ठीक पहले वह टीम से जुड़ने जा रहे हैं।
प्लेऑफ से ठीक पहले टीम में होंगे शामिल
ESPNcricinfo की रिपोर्ट के अनुसार, फिल सॉल्ट इस हफ्ते के आखिर में भारत लौटने वाले हैं। उंगली में चोट लगने के कारण वह पिछले एक महीने से IPL से बाहर थे। इंग्लैंड और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के ओपनर सॉल्ट की बाईं उंगली में 18 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में चोट लग गई थी। यह चोट उन्हें तब लगी जब वह बाउंड्री बचाने के लिए डाइव लगा रहे थे। इस घटना के बाद से वह किसी भी मैच में नहीं खेले हैं। पिछले महीने वह अपने परिवार के साथ समय बिताने के लिए घर लौट गए थे, ताकि इस दौरान उनकी उंगली की चोट ठीक हो सके।
लीग स्टेज में टीम के आखिरी मैच में खेलने की उम्मीद
फिल की गैरमौजूदगी में RCB ने प्लेऑफ के लिए आसानी से क्वालिफाई कर लिया और अगर नेट रन रेट में कोई बड़ा बदलाव नहीं होता है, तो इस बात की पूरी संभावना है कि वे अगले मंगलवार यानी 26 मई को धर्मशाला में क्वालिफायर 1 तक पहुंच जाएंगे। यह देखना बाकी है कि क्या सॉल्ट 22 मई को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ RCB के लीग-स्टेज के आखिरी मैच में खेलने के लिए उपलब्ध होंगे या नहीं। हालांकि, टीम प्लेऑफ के इतने करीब पहुंचकर शायद ही कोई रिस्क लेना चाहेगी।
सॉल्ट की गैरमौजूदगी में जैकब बेथेल पिछले एक महीने से विराट कोहली के ओपनिंग पार्टनर के तौर पर खेल रहे हैं, लेकिन वे कोई खास असर नहीं डाल पाए हैं। उन्होंने सात पारियों में 96 रन बनाए हैं। अगर 22 मई को सॉल्ट उपलब्ध नहीं भी होते हैं, तो भी बेथेल की जगह पर खतरा मंडरा सकता है, क्योंकि वेंकटेश अय्यर ने रविवार को धर्मशाला में पंजाब किंग्स के खिलाफ मिली जीत में 73 रन बनाकर नाबाद रहे थे।
ICC Rankings: इस बार नेपाल के खिलाड़ियों ने दिखाया जलवा, आईसीसी वनडे रैंकिंग में हो गया बदलाव
पाकिस्तान क्रिकेट टीम आखिर क्यों है परेशान, ऑस्ट्रेलिया सीरीज से दो खिलाड़ी अचानक बाहर