भारत और अफगानिस्तान के बीच में खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में टीम इंडिया की प्लेइंग 11 में आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को शामिल किया गया है। भारतीय टीम ने मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 402 रनों का स्कोर बनाया है जिसके बाद गेंदबाजी में जब प्रिंस यादव को मौका मिला तो उन्होंने अपने तीसरे ओवर में पहला इंटरनेशनल विकेट हासिल कर लिया था लेकिन अचानक नो-बॉल करार दिए जाने से उनकी खुशी पर पानी फिर गया।
प्रिंस यादव मना रहे थे जश्न, लेकिन हूटर बजने से सब हो गए शांत
अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे वनडे मुकाबले में प्रिंस यादव को अर्शदीप सिंह के साथ नई गेंद फेंकने की जिम्मेदारी सौंपी गई। प्रिंस यादव ने अपने शुरुआती 2 ओवर्स में 18 रन दे दिए थे इसके बाद अपने तीसरे ओवर में जो पारी का छठा ओवर था उसकी पहली चार गेंदों पर प्रिंस यादव ने सिर्फ तीन रन दिए थे। इसके बाद रहमनुल्लाह गुरबाज ने पांचवीं गेंद पर बड़ा शॉट खेलने का प्रयास किया लेकिन मिड ऑन पर अर्शदीप सिंह ने उनका कैच पकड़ लिया। प्रिंस यादव इस विकेट को मिलने के बाद काफी खुश नजर आ रहे थे, जिसमें टीम इंडिया के बाकी सभी खिलाड़ी उनको पहला इंटरनेशनल विकेट मिलने पर बधाई दे रहे थे। इसी बीच स्टेडियम में नो-बॉल होने का हूटर बजने से उनकी ये खुशी पूरी तरह से गायब हो गई जिसमें रिप्ले देखे जाने पर गेंद प्रिंस यादव का गेंद फेंकते समय पैर क्रीज से थोड़ा बाहर नजर भी आया।
गुरबाज इस जीवनदान का नहीं उठा सके फायदा
रहमनुल्लाह गुरबाज जिनके बल्ले से इस वनडे सीरीज के पहले मुकाबले जो धर्मशाला के स्टेडियम में खेला गया था उसमें शानदार शतकीय पारी देखने को मिली थी, वह लखनऊ वनडे मुकाबले में 32 के निजी स्कोर पर मिले इस जीवनदान का फायदा नहीं उठा सके। गुरबाज इस मुकाबले में 33 गेंदों में 41 रनों की पारी खेलकर पवेलियन लौट गए जिसमें उनको गुरनूर बरार ने केएल राहुल के हाथों कैच आउट कराकर अफगानिस्तान की टीम को इस मैच में पहला झटका भी देने का काम किया।
ये भी पढ़ें
IND vs AFG: भारत ने अफगानिस्तान को पीटा, टॉप पर पहुंची टीम, फाइनल में किससे होगी भिड़ंत