जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में 26 मई को पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच अहम मुकाबला खेला गया। प्लेऑफ की रेस में बेहद अहम इस मैच में पंजाब किंग्स ने मुंबई को सात विकेट से शिकस्त देकर पॉइंट्स टेबल में पहला स्थान हासिल कर लिया। हालांकि इस मुकाबले में पंजाब को अपने स्टार स्पिनर युजवेंद्र चहल का साथ नहीं मिल सका। यह लगातार दूसरा मौका था जब चहल टीम की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं बन पाए। चहल ऊंगली में चोट के कारण मैदान से दूर हैं, लेकिन टीम को उम्मीद है कि वो प्लेऑफ मुकाबलों तक फिट होकर वापसी कर लेंगे।
BCCI के सूत्रों के मुताबिक, चहल की ऊंगली में चोट है, लेकिन वह प्लेऑफ तक ठीक हो जाएंगे। उनकी गैरमौजूदगी में हरप्रीत बरार पंजाब की स्पिन आक्रमण की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। बता दें कि पंजाब ने चहल को 18 करोड़ रुपये में खरीदा था, जिससे वह आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे स्पिनर बने थे।
पंजाब ने मुंबई को दी पटखनी
पंजाब के आखिरी लीग मैच की बात की जाए तो मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 184 रनों का स्कोर खड़ा किया। जवाब में पंजाब की टीम ने 18.3 ओवर में तीन विकेट खोकर 187 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। कप्तान श्रेयस अय्यर ने विजयी छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई।
जोश इंगलिस ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए 42 गेंदों में नौ चौके और तीन छक्कों की मदद से 73 रनों की पारी खेली। वहीं ओपनर प्रियांश आर्या ने 35 गेंदों में नौ चौके और दो छक्के जड़ते हुए 62 रन बनाए। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 109 रन की अहम साझेदारी की।
पंजाब ने पक्का किया टॉप-2 में स्थान
इस जीत के साथ पंजाब किंग्स ने 19 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में टॉप पोजिशन हासिल कर ली है, और अब उसका टॉप-2 में रहना तय हो गया है। दूसरी तरफ मुंबई इंडियंस की टीम 14 मैचों में आठ जीत के साथ 16 पॉइंच जुटाकर चौथे स्थान पर रही। मुंबई की शुरुआत सीजन में बेहद खराब रही थी, लेकिन टीम ने शानदार वापसी करते हुए प्लेऑफ में जगह बनाई। वहीं, पंजाब किंग्स ने 2014 के बाद पहली बार प्लेऑफ में जगह बनाई है।
(PTI Inputs)