1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. Rajat Patidar vs Shubman Gill: IPL में कप्तानी का असली ‘बॉस’ कौन? देखें दोनों के आंकड़े

Rajat Patidar vs Shubman Gill: IPL में कप्तानी का असली ‘बॉस’ कौन? देखें दोनों के आंकड़े

 Written By: Hitesh Jha
 Published : May 30, 2026 05:10 pm IST,  Updated : May 30, 2026 05:10 pm IST

Rajat Patidar vs Shubman Gill: IPL 2026 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना गुजरात टाइटंस से होगा। इस मैच को जीतकर दोनों ही टीमें अपना दूसरा खिताब जीतने की कोशिश करेंगी।

Rajat Patidar & Shubman Gill- India TV Hindi
रजत पाटीदार & शुभमन गिल Image Source : PTI

Rajat Patidar vs Shubman Gill: IPL 2026 का फाइनल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। रजत पाटीदार की कप्तानी में RCB की टीम लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंचने में कामयाब रही है। वहीं शुभमन गिल की कप्तानी में गुजरात पहली बार फाइनल में पहुंचने में कामयाब रही है। ऐसे में आईपीएल 2026 से पहले हम आपको बताएंगे कि कप्तान के तौर पर रजत पाटीदार और शुभमन गिल के आंकड़े कैसे हैं।

रजत पाटीदार की कप्तानी में RCB बनी थी चैंपियन

रजत पाटीदार ने कप्तान के तौर पर अपने पहली ही सीजन में बेंगलुरु को IPL चैंपियन बना दिया था। उन्होंने आईपीएल में अब तक 27 मैचों में कप्तानी की है, जिसमें से टीम को 19 में जीत मिली है। उनका जीत प्रतिशत 70 के आसपास का रहा है। आईपीएल में RCB का कमान संभालने से पहले पाटीदार ने भारत के घरेलू टी-20 टूर्नामेंट सैय्यद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मध्यप्रदेश की कप्तानी की और 2024-25 के सीजन में टीम को फाइनल में पहुंचाया था। इस सीजन बल्लेबाजी में उनके प्रदर्शन की बात करें तो रजत पाटीदार अब तक 14 मैचों में 486 रन बना चुके हैं। उनका स्ट्राइक रेट 196.76 का रहा है।

कप्तानी में कैसा रहा है शुभमन गिल का रिकॉर्ड?

अब बात करते हैं शुभमन गिल की। गिल ने अब तक आईपीएल में 43 मैचों में कप्तानी की है, जिसमें से उन्हें 24 में जीत मिली है। उनकी कप्तानी में गुजरात को 18 मैच में हार का मुंह देखना पड़ा है। उनका जीत प्रतिशत 57.14 का रहा है। कप्तान के तौर पर ओवरऑल आंकड़े देखें तो वहां जाहिर तौर पर रजत पाटीदार का पलड़ा भारी नजर आ रहा है।  इस सीजन गिल ने अब तक 15 मैचों में कप्तानी की है, जिसमें से उनकी टीम को 10 में जीत मिली है, वहीं 5 में हार का सामना करना पड़ा है। बतौर बल्लेबाज इस सीजन उनके प्रदर्शन को लेकर बात की जाए तो गिल ने 2026 में 15 मैचों में 722 रन बनाए, जिसमें 1 शतक और 6 अर्धशतक शामिल रहे। उनका स्ट्राइक रेट 163.71 रहा।

RCB और GT अब तक जीत चुकी है 1-1 IPL ट्रॉफी

RCB और GT की टीम अभी तक एक-एक आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम कर चुकी है। बेंगलुरु की टीम ने पिछले साल पंजाब किंग्स को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी। वहीं गुजरात टाइटंस की टीम ने अपने पहले ही सीजन में 2022 में ट्रॉफी अपने नाम की थी। उस सीजन हार्दिक पांड्या GT के कप्तान थे। आपको बता दें कि RCB के लिए यह आईपीएल का पांचवां और गुजरात के लिए तीसरा फाइनल है। अब देखना ये होगा कि 31 मई को कौन सी टीम बाजी मारती है।

यह भी पढ़ें

सूर्यकुमार यादव की टीम इंडिया से छुट्टी होना तय! वैभव सूर्यवंशी की होगी एंट्री, BCCI का प्लान आया सामने

राजस्थान रॉयल्स के बाहर होने पर फूटा कुमार संगकारा का गुस्सा, इस खिलाड़ी के धोखा देने को लेकर उठाए सवाल

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल