इंडियन प्रीमियर लीग का साल 2026 में 19वां सीजन खेला जाएगा, जिसको लेकर अभी से सभी 10 फ्रेंचाइजियों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। आईपीएल 2026 को लेकर मिनी प्लेयर ऑक्शन का भी आयोजन होगा जिसमें कौन से प्लेयर शामिल होंगे ये टीमों की रिटेन और रिलीज लिस्ट सामने आने के बाद ही साफ हो पाएगा। वहीं इसी बीच पिछले आईपीएल सीजन चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से खेलने वाले टीम इंडिया के पूर्व ऑफ स्पिन गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन अगले सीजन से पहले सीएसके का साथ छोड़ने का लगभग मन बना चुके हैं।
अश्विन ने सीएसके का साथ छोड़ने का बना लिया है मन
रविचंद्रन अश्विन चेन्नई सुपर किंग्स टीम का साथ क्यों छोड़ना चाहते हैं इसको लेकर अभी कुछ भी साफ नहीं है। वहीं क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार अश्विन ने फ्रेंचाइजी से अलग होने का मन बना लिया है जिसमें उन्होंने सीएसके टीम को भी इसकी जानकारी दे दी है। पिछले कुछ दिनों से सीएसके ऑफीशियल और प्लेयर्स जिसमें मौजूदा और पूर्व कप्तान एमएस धोनी के अलावा रुतुराज गायकवाड़ भी शामिल थे उनकी मीटिंग चल रही थी। ऐसी उम्मीद लगाई जा रही है कि इस मीटिंग में अगले साल होने वाले सीजन को लेकर योजना बनाई जा रही थी। अश्विन को आईपीएल 2025 सीजन के लिए हुए मेगा ऑक्शन में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने 9.75 करोड़ रुपए में अपना हिस्सा बनाया था।
अश्विन के लिए पिछले सीजन प्रदर्शन नहीं था उम्मीद के मुताबिक
आईपीएल 2025 के सीजन में रविचंद्रन अश्विन का प्रदर्शन बिल्कुल भी उम्मीद के अनुसार देखने को नहीं मिला था, जिसमें उन्हें 9 मैचों में खेलने का मौका मिला था और उसमें वह सिर्फ 40.43 के औसत से 7 विकेट ही हासिल करने में कामयाब हो सके थे। वहीं बल्ले से अश्विन सिर्फ 33 रन ही बना सके थे। अश्विन का आईपीएल में अब तक प्रदर्शन देखा जाए तो उन्होंने 221 मैचों में खेलते हुए कुल 187 विकेट हासिल किए हैं, जिसमें उनका औसत 30.22 का रहा है।
ये भी पढ़ें
DPL 2025: प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंची ये टीम, इस नंबर पर है वेस्ट दिल्ली लायंस
पूरी वनडे सीरीज से बाहर हुआ घातक खिलाड़ी, ODI में जड़ चुका संयुक्त रूप से सबसे तेज फिफ्टी