1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ऋषभ पंत को भारी पड़ गई एक चूक, आखिर किसका था ये उठापटक का फैसला

ऋषभ पंत को भारी पड़ गई एक चूक, आखिर किसका था ये उठापटक का फैसला

 Published : Apr 02, 2026 07:12 am IST,  Updated : Apr 02, 2026 07:12 am IST

ऋषभ पंत ने इस बार आईपीएल में ओपनिंग की कमान संभाली है। हालांकि ना तो खुद पंत से रन बने और ना ही टीम को वे जीत दिलाने में कामयाब हो पाए। इससे टीम की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

rishabh pant- India TV Hindi
ऋषभ पंत Image Source : AP

ऋषभ पंत की कप्तानी वाली लखनऊ सुपर जायंट्स को आईपीएल 2026 के पहले ही मैच में हार का सामना करना पड़ा है। टीम अपने होम ग्राउंड पर ही खेल रही थी, इसके बाद भी दिल्ली कैपिटल्स ने उसे पीट दिया। इस बीच टीम की ओर से एक बड़ी गलती सामने आई, जो लगता है कि टीम पर कहीं ना कहीं भारी पड़ गई। सवाल यही है कि ये फैसला आखिर किसका था। क्या कप्तान ऋषभ पंत ने इतना बड़ा निर्णय लिया या फिर टीम मैनेजमेंट में किसी और ने ऐसा किया। 

ऋषभ पंत ने किया पारी का आगाज

आईपीएल 2026 के पांचवें मैच में जब लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स की टीमें आमने सामने आईं और एलएसजी की टीम बल्लेबाजी के लिए उतरी तो उस वक्त भी चौंक गए जब देखा कि ऋषभ पंत पारी का आगाज करने के लिए आ रहे हैं। ये किसी को समझ नहीं आया कि हुआ क्या है। दरअसल पिछला साल भी एलएसजी का अच्छा नहीं गया ​था। लेकिन उस वक्त कम से कम टॉप 3 अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे। ओपनिंग के लिए मिचेल मार्श और एडन मारक्रम आ रहे थे, वहीं तीसरे नंबर पर निकोलस पूरन की बारी थी। लेकिन इस बार पता नहीं टीम ने क्या रणनीति बनाई है कि सब कुछ उलट पलट कर दिया। 

एलएसजी की टीम बना सकी केवल 141 रन

ऋषभ पंत ओपनिंग के लिए आए, उन्होंने कुछ अच्छे स्ट्रोक भी लगाए, लेकिन वे दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हो गए, इसमें उनका कोई खास दोष भी नहीं था। तीसरे नंबर पर एडन मारक्रम आए। हद तो तब हो गई, जब दुनिया के विस्फोटक बल्लेबाजों में शुमार निकोलस पूरन काफी नीचे बल्लेबाजी के लिए उतरे। हालांकि कोई भी बल्लेबाज कुछ खास कर ही नहीं सका। टीम ने जो 141 रन बनाए भी, लेकिन उसमें सबसे बड़ा योगदान अब्दुल समद का था। जिन्होंने 25 बॉल पर अच्छे अंदाज से 36 रन बना दिए। नहीं तो एक वक्त यहां तक भी पहुंचती हुई नजर नहीं आ रही थी।

टीम के लिए इस रणनीति से मैच जीतना होगा मुश्किल

लखनऊ सुपर जायंट्स को अब आईपीएल खेलते हुए काफी वक्त हो गया है, लेकिन अभी तक उसके पास जीत का कोई फॉर्मूला नहीं आया है, जिससे लगे कि टीम रणनीति बनाकर मैदान में उतर रही है। ऐसे ही चला तो ये सीरीज भी यूं ही निकल जाएगा और खिताब जीतने की बात तो दूर की है, टीम टॉप 4 में भी जाती हुई नहीं दिख रही है। हालांकि अभी तो शुरुआत है, अगर टीम ने ठीक से काम किया तो वापसी हो सकती है। आने वाले दिनों में पता चलेगा कि टीम आगे कहां तक जाएगी। 

यह भी पढ़ें 

IPL 2026 Points Table: दिल्ली कैपिटल्स ने पहली जीत से ही मारी छलांग, अंक तालिका की टॉप 5 टीमें ये रहीं

LSG की शर्मनाक हार पर कप्तान ऋषभ पंत का आया बड़ा बयान, खराब बल्लेबाजी पर फोड़ा ठीकरा

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल