भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला मोहाली के आईएस बिंद्रा स्टेडियम में खेला गया। इस मैच को टीम इंडिया ने बड़ी आसानी के साथ 6 विकेट से अपने नाम किया। अफगानिस्तान ने मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 158 रन बनाए थे। इसके बाद भारतीय टीम की तरफ से लक्ष्य का पीछा करते हुए शिवम दुबे ने नाबाद 60 रनों की पारी खेलने के साथ टीम की जीत में अहम योगदान दिया। वहीं 14 महीने के बाद टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेलने उतरे कप्तान रोहित शर्मा इस मैच में डक पर ही रन आउट हो गए, जिसमें उन्होंने मैच के बाद इस पर बयान भी दिया।
रोहित शर्मा ने अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 मैच के बाद अपने रन आउट को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि ये चीजें मैच में होती रहती हैं। जब ऐसा होता है तो आप निराश महसूस करते हैं, आप वहां रहना चाहते हैं और टीम के लिए रन बनाना चाहते हैं। सबकुछ आपके अनुसार नहीं होता है, हमने इस मैच को जीत लिया है और ये सबसे महत्वपूर्ण बात है। मैं चाहता था कि गिल लंबी पारी खेलें लेकिन दुर्भाग्य से वह एक छोटी लेकिन अच्छी पारी खेलकर आउट हो गए। बता दें कि शुभमन गिल इस मैच में रोहित शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करने उतरे थे और वह 12 गेंदों में 23 रनों की पारी खेलने के बाद मुजीब उर रहमान का शिकार बने।
अफगानिस्तान के खिलाफ मैच के बाद रोहित शर्मा ने अपने बयान में आगे टीम के प्रदर्शन को लेकर कहा कि इस मैच में हमारे लिए काफी सारी सकारात्मक चीजें रही, जिसमें खासकरके गेंद से हमने काफी बेहतर प्रदर्शन किया, क्योंकि गेंदबाजी के लिए हालात आसान नहीं थे। हमारे स्पिनरों के साथ तेज गेंदबाज दोनों ने गेंद से बेहतर प्रदर्शन किया। इसके अलावा यहां पर ठंड काफी थी, जब गेंद उंगली के टॉप पर लगती थी तो दर्द होता था। बता दें भारत और अफगानिस्तान के बीच इस टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला 14 जनवरी को इंदौर में खेला जाएगा।
ये भी पढ़ें
IND vs AFG: भारत ने जीत के साथ की टी20 सीरीज की शुरुआत, पहले मैच में अफगानिस्तान को रौंदा
IND vs AFG: रोहित शर्मा ने बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड, दुनिया का कोई भी खिलाड़ी नहीं कर सका ऐसा
संपादक की पसंद