क्रिकेट की दुनिया इन दिनों लगातार बड़े झटकों से गुजर रही है। बीते एक महीने में फैंस ने वो दौर देखा है, जिसकी किसी ने कल्पना तक नहीं की थी। महज 30 दिन के भीतर इंटरनेशनल क्रिकेट के पांच दिग्गज खिलाड़ियों ने रिटायरमेंट लेकर क्रिकेट फैंस को हैरान कर दिया है। पिछले महीने क्रिकेट फैंस को सबसे बड़ा झटका तब लगा, जब भारतीय क्रिकेट के दो सबसे बड़े सितारे विराट कोहली और रोहित शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने का ऐलान कर दिया। वो भी महज एक हफ्ते के अंतर में। दोनों ने ही फैंस को इमोशनल करते हुए अपने विदाई संदेश में कहा कि अब वक्त है युवाओं को मौका देने का।
रोहित ने 7 मई को टेस्ट को अलविदा कहा जबकि विराट ने 12 मई को क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट से संन्यास ले लिया। रोहित और विराट के टेस्ट क्रिकेट के संन्यास के झटके से फैंस अभी तक पूरी तरह उबरे भी नहीं थे कि श्रीलंका के दिग्गज ऑलराउंडर एंजेलो मैथ्यूज ने 23 मई को टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट ले लिया। मैथ्यूज ने श्रीलंका की ओर से 118 टेस्ट मैचों में 8167 रन बनाए।
एक ही दिन में दो स्टार खिलाड़ियों का रिटायरमेंट
इसके बाद जून महीने के आगाज के साथ ही क्रिकेट जगत को एक और हिला देने वाली खबर आई जब एक ही दिन में दो और स्टार क्रिकेटरों ने रिटायरमेंट की घोषणा कर दी। 2 जून को सबसे पहले ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने वनडे क्रिकेट को अलविदा कह दिया। मैक्सवेल के कुछ घंटे बाद ही साउथ अफ्रीका के धाकड़ बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन ने महज 33 साल की उम्र में क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट से संन्यास का ऐलान कर क्रिकेट जगत में सनसनी मचा दी। किसी ने भी नहीं सोचा था कि क्लासेन इतनी कम उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह देंगे। क्लासेन ने साउथ अफ्रीका के लिए सिर्फ 4 टेस्ट, 60 वनडे और 58 T20I मैच खेले। साल 2025 की बात की जाए तो अब तक 10 बड़े खिलाड़ी क्रिकेट के किसी न किसी फॉर्मेट को छोड़ चुके हैं या पूरी तरह इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं। इनमें ऑस्ट्रेलिया के तीन नाम शामिल हैं।
इस साल रिटायरमेंट लेने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट
- हेनरिक क्लासेन- इंटरनेशनल से रिटायर
- ग्लेन मैक्सवेल- वनडे से रिटायर
- विराट कोहली- टेस्ट से रिटायर
- रोहित शर्मा- टेस्ट से रिटायर
- स्टीव स्मिथ- वनडे से रिटायर
- मार्कस स्टोइनिस- वनडे से रिटायर
- एंजेलो मैथ्यूज- टेस्ट से रिटायर
- दिमुथ करुणारत्ने- इंटरनेशनल से रिटायर
- मुशफिकुर रहीम- वनडे से रिटायर
- महमूदुल्लाह- इंटरनेशनल से रिटायर
रिटायरमेंट की लाइन में कई नाम
अब सवाल उठता है कि आने वाले दिनों में अगला नंबर किसका हो सकता है? क्या कोई और सीनियर खिलाड़ी भी रिटायरमेंट के मूड में है? क्रिकेट गलियारों में चर्चाएं हैं कि कुछ और अनुभवी चेहरे जल्द ही अपने करियर को विराम दे सकते हैं। इनमें 2 बड़े नाम चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे का चल रहा है, जो लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर हैं। 34 साल के मोहम्मद शमी का नाम भी चर्चा में है, जो इंग्लैंड के लिए चुनी गई भारतीय टीम में अपनी जगह नहीं बना सके। शमी अपने वर्कलोड को मैनेज करने के लिए किसी एक फॉर्मेट से विदा ले सकते हैं। इशांत शर्मा भी रिटायरमेंट लेने के काफी करीब माने जा रहे हैं।