राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीमें आज यानी 10 अप्रैल को आईपीएल के अहम मुकाबले में टकराने जा रही हैं। दोनों टीमों ने अब तक कमाल का प्रदर्शन किया है और एक भी मैच नहीं हारी हैं। इस बीच आज एक टीम की जीत का सिलासिला जारी रहेगा, वहीं एक टीम अपना पहला मैच हार जाएगी चलिए जरा समझने की कोशिश करते हैं कि आज का मैच कौन सी टीम जीत सकती है। मैच कहां और कितने बजे से होगा, ये भी हम आपको बताएंगे।
गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में होगा आज का मैच, शाम साढ़े सात बजे शुरू
आईपीएल में आज इस सीजन का 16वां मुकाबला खेला जाएगा। मैच गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में होना है। मैच शुरू होने का वक्त वही रहेगा, यानी सात बजे टॉस होगा और साढ़े सात बजे पहली बॉल डाली दी जाएगी। दोनों टीमें इसके लिए तैयार हैं। इस बीच दिन में हल्की बारिश की आशंका जताई गई है, लेकिन जब मैच होगा, तब उसमें खलल पड़ने की अभी तक कोई भी संभावना नजर नहीं आ रही है। यानी अच्छे मौसम में पूरा मैच देखने के लिए मिलेगा, ऐसी उम्मीद की जा सकती है।
वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल कर रहे हैं धमाकेदार बल्लेबाजी
इस बीच बात पहले राजस्थान की करते हैं, जिसने अभी तक तीन मैच खेलकर छह अंक हासिल कर लिए हैं और टीम अंक तालिका में टॉप पर है। टीम शानदार खेल दिखा रही है। खास तौर पर यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी जिस तरह की आक्रामक बल्लेबाजी करते हैं, उसके बाद टीम को बहुत ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं रहती। इस साल के आईपीएल में अब तक सबसे ज्यादा रन यशस्वी जायसवाल ने ही बनाए हैं।
राजस्थान का होम ग्राउंड, रियान पराग भी यहीं के हैं
इस बीच मैच राजस्थान के होम ग्राउंड गुवाहाटी में हैं, इसका फायदा टीम को मिल सकता है। टीम के कप्तान रियान पराग यहीं के हैं, लिहाजा उन्हें यहां के बारे में सब कुछ पता है, ये भी राजस्थान रॉयल्स के पक्ष में जाता है। गेंदबाजी की बात करें तो रवि बिश्नोई ने इस साल अब तक सबसे ज्यादा विकेट लिए हैं। वे बीच बीच में अपनी गुगली का कमाल दिखाकर विरोधी टीम के बल्लेबाजों को खूब परेशान करते हैं। इतना ही नहीं, नांद्रे बर्गर शुरुआत में विकेट निकालकर विरोधी टीम को बैकफुट पर कर दे रहे हैं।
विराट कोहली पर निर्भर रहेगी आरसीबी की टीम
बात अगर आरसीबी यानी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की करें तो इस टीम ने भी अब तक दो के दो मैच जीते हैं और अंक तालिका में तीसरे नंबर पर है। विराट कोहली अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। उनके लिए इस मैच में सबसे बड़ा खतरा नांद्रे बर्गर बन सकते हैं। इस बीच अगर यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने हमेशा की तरह पारी का आगाज किया तो फिर आरसीबी के लिए मुश्किल हो जाएगी। इस बीच अभी तक की संभावनाओं की बात करें तो राजस्थान की जीत की संभावना 55 फीसदी तक नजर आती है। अगर विराट कोहली टिके रहे तो फिर से बदल भी सकती है।
आज खूब रन बनने की संभावना, बाद में बल्लेबाजी फायदेमंद रहेगी
गुवाहाटी की पिच की बात की जाए तो बारसपारा की पिच बल्लेबाजों के लिए काफी अच्छी मानी जाती है। यहां अक्सर खूब रन बनते हैं। छोटी बाउंड्री के कारण यहां हाईस्कोरिंग मैच होते हैं। 190 प्लस स्कोर बनने की तो प्रबल संभावना है। जो भी टीम टॉस जीतेगी, वो पहले गेंदबाजी करना पसंद करेगी, क्योंकि बाद में ओस आ जाती है। दूसरी पारी में पहली की अपेक्षा बल्लेबाजी करना आसान काम होता है।
यह भी पढ़ें
ODI World Cup 2027: भारत के ग्रुप में हो सकती हैं ये टीमें, फिर होगा पाकिस्तान से मुकाबला!
आईपीएल में अनकैप्ड खिलाड़ियों का जलजला, समीर रिजवी और अंगक्रश रघुवंशी के बाद मुकुल चौधरी का कमाल