SA vs ENG, ICC Champions Trophy 2025: ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का 11वां मुकाबला इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के बीच कराची में नेशनल स्टेडियम में खेला गया। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। इंग्लैंड की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 38.2 ओवर में 179 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने 29.1 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 181 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इंग्लैंड की खराब बल्लेबाजी
मुकाबले की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही है। पहले ही ओवर में फिल साल्ट 8 के निजी स्कोर पर आउट होकर पवेलियन लौट गए। विकेटकीपर बल्लेबाज जेमी स्मिथ बिना खाता खोले चलते बने। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार शतक लगाने वाले बेन डकेट ने 21 गेंद में 24 रन की पारी खेली। वहीं हैरी ब्रूक ने 29 गेंद में 19 रन बनाए। स्टार बल्लेबाज जो रूट जिनसे आज भी एक बड़ी पारी की उम्मीद थी वो 44 गेंद में 37 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। वहीं लियाम लिविंगस्टन भी इस मैच में कुछ खास कमाल नहीं कर पाए और 15 गेंद में 9 रन ही बना सके। वहीं कप्तान जोस बटलर ने 43 गेंद में 21 रनों की धीमी पारी खेली। इंग्लैंड की टीम 38.2 ओवर में 179 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। गेंदबाजी की बात करें तो दक्षिण अफ्रीका की तरफ से मार्को जानसन और वियान मुल्डर ने 3-3 विकेट लिए। उनके अलावा केशव महाराज को दो विकेट मिला।
वैन डर डुसेन और क्लासेन ने दिलाई आसान जीत
180 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफ्रीकी टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। तीसरे ओवर में ही ट्रिस्टन स्टब्स के रूप में दक्षिण अफ्रीका को पहला झटका लगा। इसके बाद रयान नौवें ओवर में 47 के स्कोर पर चलते बने। दो विकेट जल्दी गिरने के बाद डुसेन और हेनरिक क्लासेन के बीच तीसरे विकेट के लिए 122 गेंदों में 127 रन की साझेदारी हुई। क्लासेन ने 56 गेंद में 11 चौकों की मदद से 64 रन बनाए। वहीं रासी वैन डर डुसेन 87 गेंदों में 72 रन बनाकर नाबाद लौटे। इन दोनों बल्लेबाजों की शानदार बल्लेबाजी के बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया। मार्को जानसन को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला। उन्होंने 7 ओवर में 39 रन देकर तीन विकेट झटके।
यह भी पढ़ें
रणजी ट्रॉफी फाइनल में शतक लगाकर करुण नायर ने अनोखे अंदाज में मनाया जश्न, जानें इसके पीछे का राज
IND vs NZ: ICC टूर्नामेंट में किसका पलड़ा है भारी, आंकड़ें देखकर टेंशन में आ जाएंगे कप्तान रोहित!