1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टीम इंडिया को मिलेगा नया स्पिन गेंदबाजी कोच, फर्स्ट क्लास क्रिकेट में हासिल किए हैं 600 से अधिक विकेट

टीम इंडिया को मिलेगा नया स्पिन गेंदबाजी कोच, फर्स्ट क्लास क्रिकेट में हासिल किए हैं 600 से अधिक विकेट

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : May 08, 2026 03:52 pm IST,  Updated : May 08, 2026 03:52 pm IST

भारतीय टीम को इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना अगला मुकाबला जून महीने की शुरुआत में अफगानिस्तान के खिलाफ खेलनी है, जिसमें उससे पहले टीम इंडिया के सपोर्ट स्टाफ में एक नए चेहरे की एंट्री होना लगभग तय हो चुका है।

Sairaj Bahutule- India TV Hindi
साईराज बहुतुले Image Source : AFP

भारतीय क्रिकेट टीम को 6 जून से घर पर अफगानिस्तान के खिलाफ एक मैच की टेस्ट सीरीज खेलनी है, जिसको लेकर अभी से बीसीसीआई ने टीम इंडिया के व्यस्त इंटरनेशनल शेड्यूल को देखते हुए सपोर्ट स्टाफ में एक नए चेहरे की एंट्री करने का फैसला लिया है। टीम इंडिया का पिछले काफी समय से घर पर टेस्ट क्रिकेट में प्रदर्शन बिल्कुल भी उम्मीद के अनुसार देखने को नहीं मिला है, जिसकी एक बड़ी वजह स्पिन गेंदबाजों का उम्मीदों पर बिल्कुल भी खरा नहीं उतरना है। ऐसे में अब बीसीसीआई ने भारतीय टीम के पूर्व खिलाड़ी और घरेलू क्रिकेट में 600 से अधिक विकेट हासिल करने वाले साईराज बहुतुले को अगला स्पिन गेंदबाजी कोच बनाने का मन लगभग बना लिया है, जिसका ऐलान जल्द कर दिया जाएगा।

टीम इंडिया के साथ पहले भी काम कर चुके हैं बहुतुले

साईराज बहुतुले को लेकर बात की जाए तो उन्होंने क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद कोचिंग की दुनिया में कदम रखा जहां अब उन्हें लंबा अनुभव हासिल हो चुका है। वह इससे पहले भी भारतीय टीम के सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा रह चुके हैं जिसमें साल 2023 की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी और फिर श्रीलंका दौरे के दौरान उन्हें सपोर्ट स्टाफ में शामिल किया गया था। इसके अलावा बहुतुले ने लंबे समय तक नेशनल क्रिकेट एकेडमी में वीवीएस लक्ष्मण के मार्गदर्शन में काम किया है। बहुतुले को लेकर बात की जाए तो उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में 8 वनडे और 2 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें वह कुल 5 विकेट ही हासिल करने में कामयाब हो सके। हालांकि घरेलू क्रिकेट में उनका शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है, जिसमें फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उन्होंने 188 मैच खेलते हुए 630 विकेट हासिल किए हैं, तो वहीं लिस्ट-ए में उन्होंने 143 मैच खेलने के साथ कुल 197 विकेट अपने नाम किए हैं।

अभी आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स के सपोर्ट स्टाफ का हैं हिस्सा

आईपीएल में भी साईराज बहुतुले अलग-अलग फ्रेंचाइजियों के सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा रहे हैं, जिसमें मौजूदा 19वें सीजन में वह पंजाब किंग्स के साथ काम कर रहे हैं, जिनका अब तक इस सीजन मैदान पर शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है। हालांकि टीम इंडिया के सपोर्ट स्टाफ में शामिल होने के लिए उन्हें अपने इस अनुबंध को बीच में ही खत्म करना होगा। अभी टीम इंडिया के सपोर्ट स्टाफ को देखा जाए तो उसमें सितांशु कोटक जहां बल्लेबाजी कोच हैं तो वहीं मोर्ने मोर्केल गेंदबाजी कोच की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, जबकि टी दिलीप फील्डिंग कोच हैं और रायन टेन डोएश्चे सहायक कोच की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, लेकिन विशेषज्ञ स्पिन गेंदबाजी कोच अभी कोई नहीं है।

ये भी पढ़ें

BAN vs PAK: शाहीन अफरीदी हुए आगबबूला, पाकिस्तानी खिलाड़ी ने छोड़ दिया लड्डू कैच

बाबर आजम के साथ पाकिस्तान ने कर दिया खेल, क्या फिट होकर भी प्लेइंग इलवेन से बाहर!

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल