सैम करन की कप्तानी में डेजर्ट वाइपर्स ने 4 जनवरी को ILT20 का खिताब अपने नाम किया। उन्होंने फाइनल में MI एमिरेट्स की टीम को मात दी। इसके साथ ही ILT20 को डेजर्ट वाइपर्स के रूप में एक नया चैंपियन मिला। इस टूर्नामेंट में डेजर्ट वाइपर्स की टीम के लिए कप्तान सैम करन ने शानदार प्रदर्शन किया। फाइनल मैच खत्म होने के बाद दुबई में एक अनोखा नजारा देखने को मिला। ऐसा नजारा अक्सर WWE मैच के बाद देखने को मिलता है लेकिन इस बार यह क्रिकेट के मैदान पर भी देखने को मिला है।
सैम करन ने बनाए इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन
आमतौर पर किसी टूर्नामेंट के खत्म होने के बाद सबसे ज्यादा रन बनाने और सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ी को गोल्डन बैट-बॉल या फिर मेडल मिलता है। लेकिन ILT20 के दौरान खिलाड़ियों को तरह-तरह के रंग की बेल्ट इनाम में दी गई। ऐसी बेल्ट्स अकसर WWE के दौरान ही देखने को मिलती है। बता दें कि डेजर्ट वाइपर्स के कप्तान सैम करन ILT20 2025-26 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने टूर्नामेंट के बेस्ट बल्लेबाज के साथ-साथ मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर का अवॉर्ड भी जीता। बेस्ट बैटर के लिए उन्हें ग्रीन बेल्ट तो MVP के लिए रेड बेल्ट मिला।
ILT20 में कैसा रहा है सैम करन का प्रदर्शन?
सैम करन की बात करें तो ILT20 के इस सीजन में वह कुल 12 मैच खेलने में कामयाब रहे और इस दौरान वह 12 पारियों में 49.62 के औसत से 397 रन बनाने में कामयाब रहे। उन्होंने ये सभी रन 135.49 की स्ट्राइक रेट से बनाए हैं। इस पूरे सीजन में उन्होंने 29 चौके और 17 छक्के लगाए। इस दौरान उनका हाईएस्ट स्कोर 74 रन का रहा।
ILT20 2025-26 के फाइनल मैच का हाल
फाइनल की बात करें तो वहां पहले बैटिंग करते हुए डेजर्ट वाइपर्स ने 4 विकेट पर 182 रन का स्कोर खड़ा किया। जिसमें करन ने 74 रन का अहम योगदान दिया था। उन्होंने आठ चौके और दो छक्के लगाए। इसके बाद वाइपर्स के गेंदबाजों ने एमआई को 182 रन का लक्ष्य हासिल करने नहीं दिया। नसीम शाह ने पावरप्ले में दो विकेट लिए, वहीं टीम के बाकी के गेंदबाजों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। MI की टीम 18.3 ओवर में 136 रन पर ऑल आउट हो गई।
यह भी पढ़ें
CSK के पूर्व क्रिकेटर ने जमकर की एमएस धोनी की तारीफ, सुनाया IPL से जुड़ा एक मजेदार किस्सा
जो रूट ने हासिल किया एक और कीर्तिमान, अब सचिन का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ने से सिर्फ इतने रन दूर