1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. संजू सैमसन के लिए मौका, क्या टी20 विश्व कप 2024 खेलेंगे!

संजू सैमसन के लिए मौका, क्या टी20 विश्व कप 2024 खेलेंगे!

 Published : Jan 10, 2024 12:20 pm IST,  Updated : Jan 10, 2024 12:20 pm IST

संजू सैमसन अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली टी20 मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुने गए हैं। लेकिन क्या उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह मिलेगी, ये बड़ा सवाल है।

Sanju Samson - India TV Hindi
संजू सैमसन के लिए मौका Image Source : GETTY

Sanju Samson in Team India : अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज के लिए जब टीम इंडिया का ऐलान किया गया तो बाकी सब तो ठीक था, लेकिन एक नाम ने सभी को चौंका दिया। ये नाम था संजू सैमसन का। वैसे तो संजू सैमसन भारतीय टीम के लिए खेलना डिजर्व करते हैं, लेकिन पिछले कुछ वक्त से देखा जा रहा था कि संजू को लगातार खेलने का मौका नहीं मिल पा रहा था। अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 मैचों की इंटरनेशनल सीरीज के लिए ईशान किशन और केएल राहुल तो दावेदार थे ही, साथ ही जितेश शर्मा भी युवा खिलाड़ी के रूप में उभरे हैं। इस बीच न तो केएल राहुल को जगह मिली और न ही ईशान किशन टीम में रखे गए। संजू सैमसन के साथ जितेश शर्मा को 16 खिलाड़ियों में मौका दिया गया। 

अब तक एक भी विश्व कप नहीं खेल पाए हैं संजू सैमसन 

इसी साल टी20 विश्व कप 2024 का आयोजन होना है। ऐसे में संजू सैमसन के पास बेहतरीन मौका है कि वे इस टीम में अपनी जगह बनाएं। संजू सैमसन ने साल 2015 में टी20 में डेब्यू किया था। इसके बाद वनडे में उन्हें साल 2021 में पहला मैच भारतीय टीम के लिए खेलने का मौका मिला। लेकिन इतने वक्त से खेलने के बाद भी संजू अभी तक एक भी बार विश्व कप नहीं खेल पाए हैं। जब साल 2022 में टी20 विश्व कप हुआ तो उससे पहले संजू वनडे खेल रहे थे और जब बारी आई साल 2023 के वनडे विश्व कप की तो वे टी20 खेल रहे थे। लेकिन अब टी20 विश्व कप 2024 से ऐन पहले उन्हें टी20 टीम में जगह दी गई है। इससे सेलेक्टर्स की सोच का पता चलता है कि वे संजू को विश्व कप का दावेदार मानते हैं। 

साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे में संजू सैमसन ने लगाया था शतक 

दरअसल संजू सैमसन के सेलेक्शन के पीछे वजह तो बहुत सारी हो सकती है, लेकिन हाल में जब भारतीय टीम साउथ अफ्रीका के दौरे पर थी तो उन्होंने शानदार शतकीय पारी खेली थी, जो उनके लिए एक वरदान की तरह साबित हुई। संजू सैमसन ने सीरीज के तीसरे और आखिरी मुकाबले में 114 बॉल पर 108 रनों की पारी खेली। इसमें छह चौके और तीन छक्के शामिल रहे। ये उनका इंटरनेशनल क्रिकेट में पहला शतक था। उस पारी को देखने के ​बाद अचानक से उन पर विचार किया गया। केएल राहुल और ईशान किशन को पीछे छोड़कर संजू अगली सीरीज के लिए अपनी जगह टीम में बनाने में कामयाब हो गए। 

अफगानिस्तान सीरीज और आईपीएल से तय होगा संजू सैमसन का भविष्य 

संजू सैमसन की फैन फॉलोइंग सोशल मीडिया पर जबरदस्त है। जब भी उन्हें भारतीय टीम में मौका नहीं दिया जाता है तो फैंस जमकर गदर मचाते हैं और जब टीम में जगह मिलती है तो जश्न भी खूब मनता है। इस बीच संजू सैमसन और जितेश शर्मा में से अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज में प्लेइंग इलेवन में किसे मौका मिलेगा, ये तो अभी कहना मुश्किल है, लेकिन माना जा रहा है कि अगर संजू को टी20 विश्व कप के हिसाब से टेस्ट करना है तो उन्हें जितेश शर्मा पर तरजीह दी जा सकती है। इसके बाद जब आईपीएल 2024 होगा तो संजू अपनी टीम राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी भी करेंगे, उससे भी उनकी टीम में एंट्री की परीक्षा होगी। लेकिन इसके लिए ये जानना जरूरी है कि सेलेक्टर्स ईशान किशन और केएल राहुल के बारे में क्या सोच रहे हैं, जिसका खुलासा होना अभी बाकी है। 

इंडिया टीवी पर खेल की ये खबरें भी पढ़ें 

रोहित शर्मा और विराट कोहली के सामने बड़ा चैलेंज, कैसे करेंगे इसको फेस

8वें नंबर पर किया था टेस्ट करियर का आगाज, अब ये ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी संभालेगा ओपनिंग में जिम्मेदारी

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल