Sarfaraz Khan Century: भारतीय टीम ने जब पांच मैचों की सीरीज के लिए इंग्लैंड का दौरा किया तो उसमें कई युवा खिलाड़ियों को मौका दिया गया, इसमें भारत का प्रदर्शन मिला जुला रहा। सीरीज के दौरान सरफराज खान को एक बार फिर टीम से बाहर रखा गया था, जबकि उन्हें जब भी मौका मिला, उन्होंने खुद को साबित किया। अब जैसे ही सरफराज को फिर से मौका मिला, उन्होंने शानदार शतक ठोक दिया है। उन्होंने एक बार फिर से टीम इंडिया में एंट्री के लिए अपनी दावेदारी पेश कर दी है।
बुचीबाबू टूर्नामेंट में सरफराज खान का शतक
इस वक्त बुचीबाबू ट्रॉफी का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें कई नामी गिरामी खिलाड़ी खेल रहे हैं। सरफराज खान इसमें मुंबई के लिए खेल रहे हैं। टीएनसीए के खिलाफ बल्लेबाजी करते हुए सरफराज खान ने बेहतरीन शतकीय पारी खेली और अपनी टीम को मजबूती देने का काम किया। जब सरफराज की बल्लेबाजी आई, तब टीम थोड़ी सी मुश्किल में नजर आ रही थी, लेकिन सरफराज ने 92 बॉल पर सेंचुरी जड़कर टीम को दिक्कत से उबारने का काम किया।
सरफराज ने अपनी फिटनेस पर भी किया है काम
जब सरफराज खान बल्लेबाजी के लिए उतरे, उस वक्त मुंबई की टीम 98 रन पर तीन विकेट खो चुकी थी और संघर्ष कर रही थी। तब सरफराज आए और अपने अंदाज में बल्लेबाजी करनी शुरू कर दी। सरफराज की बल्लेबाजी को लेकर शक तो पहले भी नहीं था, लेकिन पिछले दिनों उन्होंने अपनी फिटनेस पर जो काम किया है, वो वास्तव में काबिलेतारीफ है। उन्होंने अपना वजन काफी कम कर लिया और अब वे फिट भी दिख रहे हैं। बताया जाता है कि करीब दो महीने के अंतराल में सरफराज ने करीब 17 किलो वजन कम करने में सफलता हासिल की है।
इंग्लैंड सीरीज में नहीं मिला था मौका
जब टीम इंडिया को पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के इंग्लैंड जाना था, तब माना जा रहा था कि स्क्वाड में सरफराज खान का भी नाम होगा, लेकिन जब बीसीसीआई की ओर से टीम का ऐलान किया गया, तब उसमें सरफराज का नाम नहीं था। इसी दौरान सरफराज ने अपनी फिटनेस पर काम किया और उसके बाद जैसे ही मैदान पर उतरे शानदार शतकीय पारी खेलकर अपने आलोचकों को भी जवाब देने का काम किया है।
टीम इंडिया में फिर से एंट्री की दावेदारी
अक्टूबर के महीने में टीम इंडिया अपने घर पर दो टेस्ट मैच वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलेगी। सीरीज का पहला मुकाबला 2 अक्टूबर से होना है। उसके लिए टीम इंडिया का ऐलान सितंबर में होगा। अगर इसी तरह से सरफराज रन बनाते रहे तो फिर उनके पास मौका होगा कि वे फिर से टेस्ट टीम में कमबैक करें। देखना होगा कि सरफराज का बल्ला आगे कैसा चलता है और क्या सेलेक्टर्स उनके नाम पर विचार करते हैं।