Senuran Muthusamy Century: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच गुवाहटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस टेस्ट मैच में साउथ अफ्रीका की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफ्रीकी टीम के लिए स्टार ऑलराउंडर सेनुरन मुथुसामी ने शानदार शतक लगाया है। यह टेस्ट क्रिकेट में उनका पहला शतक है। इस शतकीय पारी के साथ ही मुथुसामी ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की।
सेनुरन मुथुसामी टेस्ट क्रिकेट में नंबर 7 या उससे नीचे बैटिंग करते हुए भारत के खिलाफ शतक लगाने वाले साउथ अफ्रीका के तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले ये कारनामा क्विंटन डी कॉक ने 2019 में किया था। उस मैच में उन्होंने 111 रन बनाए थे। वहीं लांस क्लूजनर 1997 में केपटाउन में ये कारनामा किया था। उस मुकाबले में क्लूजनर ने नाबाद 102 रन बनाए थे। वहीं अब मुथुसामी ने 2025 में गुवाहाटी में ये कारनामा किया है।
आपको बता दें कि सेनुरन मुथुसामी साउथ अफ्रीका के चौथे ऐसे बल्लेबाज बने हैं, जिन्होंने टेस्ट में भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश के खिलाफ 50+ रनों की पारी खेली है। उनसे पहले ये कारनामा ग्रीम स्मिथ, मार्क बाउचर और टेम्बा बावुमा ने किया था। अब दिग्गजों की इस लिस्ट में मुथुसामी का नाम भी दर्ज हो गया है। यह पहली बार है जब भारत के खिलाफ टेस्ट इनिंग में नंबर-7 या उससे नीचे के साउथ अफ्रीका के दो बल्लेबाजों ने 50-प्लस स्कोर बनाए हैं। सेनुरन मुथुसामी के अलावा मार्को जेनसन इस पारी में 50+ रनों की पारी खेल चुके हैं।
टेस्ट मैच की बात करें तो साउथ अफ्रीका ने दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन के लंच तक 7 विकेट के नुकसान पर 428 रन बना लिए हैं। मुथुसामी ने अपने इंटरनेशनल करियर का पहला शतक जड़ा और 203 गेंदों में 107 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं मार्को यान्सेन ने भी धमाकेदार अर्धशतक जड़ा और 51 रन पर क्रीज पर बने हुए हैं। दोनों बल्लेबाजों के बीच आठवें विकेट के लिए नाबाद 94 रन की साझेदारी हो चुकी है। भारत के लिए गेंदबाजी में अभी तक कुलदीप यादव ने 3 सबसे ज्यादा विकेट लिए हैं। उनके अलावा रवींद्र जडेजा ने 2 विकेट, मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह ने 1-1 विकेट लिया है।
यह भी पढ़ें
IND vs SA: ऋषभ पंत को अंपायर ने दी वॉर्निंग, अब टीम इंडिया पर लग सकता है भारी जुर्माना
नितीश राणा को टीम में वापसी के साथ मिल गई कप्तानी, हर्षित राणा को लेकर लिया गया ये फैसला
संपादक की पसंद