Shreyas Iyer in Run Chase: क्रिकेट में जब भी सफल रन चेज की बात होती है तो वहां सबसे पहला नाम जो सभी के मन में आता है वो है विराट कोहली का। फॉर्मेट चाहे कोई भी हो लेकिन रन चेज में विराट का रिकॉर्ड हमेशा ही अच्छा रहा है। लेकिन आईपीएल में पिछले दो साल में रन चेज करते हुए विराट कोहली से ज्यादा रन श्रेयस अय्यर ने बना दिए हैं। आईपीएल 2024 से अब तक लक्ष्य का सफल पीछा करते हुए सबसे ज्यादा रन के मामले में अय्यर ने चेज मास्टर किंग कोहली को पछाड़ दिया है।
विराट कोहली से आगे निकले श्रेयस अय्यर
आईपीएल 2024 से लेकर 16 अप्रैल को हुए MI vs PBKS मुकाबले तक सफल रन चेज में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अब श्रेयस अय्यर के नाम हो गया है। उन्होंने इस दौरान 14 पारियों में 621 रन बनाए हैं और विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया है। लिस्ट में दूसरे नंबर पर विराट कोहली का नाम है। उन्होंने 2024 से अब तक आईपीएल में लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा करते हुए 11 पारियों में 618 रन बनाए हैं। इस लिस्ट में जोस बटलर तीसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 11 पारियों में 549 रन बनाए हैं। वहीं पांचवें नंबर पर प्रभसिमरन का नाम है। उनके नाम 14 पारियों में 500 रन दर्ज हैं।
आईपीएल 2024 के बाद से सफल रन चेज में कैसा है अय्यर का रिकॉर्ड
आईपीएल 2024 से लेकर अब तक सफल रन चेज में श्रेयस अय्यर के आंकड़ों की बात करें तो वहां उन्होंने 14 पारियों में 124.20 के औसत से 621 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 173.5 का रहा है। 14 पारियों में उनके नाम 7 अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड दर्ज है। इस दौरान उनके बल्ले से 45 चौके और 39 छक्के आए हैं। इस सीजन भी अय्यर बल्ले से शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।
लगातार तीन अर्धशतक लगा चुके हैं श्रेयस अय्यर
श्रेयस अय्यर ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई। उन्होंने इस मैच में 5 चौके और 4 छक्के की मदद से 35 गेंदों में 66 रन की पारी खेली। इससे पहले वो पिछले दो मैचों में अर्धशतक लगाकर पंजाब को जीत दिला चुके हैं। मतलब उन्होंने इस सीजन फिफ्टी की हैट्रिक लगाई है। ये तीनों अर्धशतकीय पारी अय्यर के बल्ले से चेज करते हुए आए हैं। अय्यर ने चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ 29 गेंदों में 50 रन बनाए थे। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उन्होंने 33 गेंदों में नाबाद 69 रन की पारी खेली। अय्यर इस आईपीएल सीजन में 5 मैचों की 4 पारियों में 67.66 के औसत से 203 रन बनाए हैं।
यह भी पढ़ें
प्रभसिमरन सिंह ने युवराज सिंह को दिया अपनी बेहतरीन पारी का क्रेडिट, मैच के बाद किया बड़ा खुलासा
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हुई थी मैच फिक्सिंग? ICC के एंटी करप्शन यूनिट ने शुरू की जांच