Shreyas Iyer Catch: आईपीएल 2026 के 24वें मैच में पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच एक रोमांचक मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने बाउंड्री लाइन पर ऐसा करिश्मा किया है जिसकी उम्मीद शायद किसी ने नहीं की थी। दरअसल इस मैच में श्रेयस अय्यर ने बाउंड्री लाइन पर अपने टीम के साथी खिलाड़ी जेवियर बार्टलेट के साथ मिलकर बाउंड्री लाइन पर अद्भुत कैच पकड़ा है। बाउंड्री पर श्रेयस अय्यर ने जिस तरह की फुर्ती दिखाई है, उसे देखकर मुंबई इंडियंस के डगआउट में मौजूद रोहित शर्मा भी हैरान रह गए। रोहित ने जो रिएक्शन दिया वो काफी वायरल हो रहा है।
18वें ओवर में श्रेयस अय्यर ने पकड़ा ये करिश्माई कैच
यह पूरी घटना 18वें ओवर की तीसरी गेंद पर हुई। पंजाब किंग्स की तरफ से ये ओवर मार्को जेनसेन डाल रहे थे, ओवर की तीसरी गेंद पर हार्दिक पांड्या ने गेंदबाज के ऊपर से एक बड़ा शॉट लगाने की कोशिश की। गेंद उनके बल्ले के नीचले हिस्से पर जाकर लगी, इस वजह से उनकी ये शॉट उतनी दूर नहीं गई जितनी वह चाहते थे। ऐसे में श्रेयस अय्यर तेजी से लॉन्ग ऑन की तरफ से दौड़कर आए और बाउंड्री पर हवा में छलांग लगाई और गेंद को अंदर की तरफ फेंका फिर वहां पर मौजूद बार्टलेट ने इस कैच को कंप्लीट किया। यह कैच भले ही बार्टलेट के खाते में गया हो लेकिन पूरा स्टेडियम जानता था कि यह विकेट पूरी तरह श्रेयस अय्यर के नाम था।
रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव रह गए हैरान
इस कैच को देखकर वानखेड़े में मानो सन्नाटा पसर गया। मुंबई इंडियंस के डगआउट में बैठे सूर्यकुमार यादव और रोहित शर्मा ने जिस तरह का रिएक्शन दिया उसे देखकर ये पता चल गया कि वो दोनों भी अय्यर की फील्डिंग को देखकर अचंभित थे। सूर्या और रोहित इस शानदार फील्डिंग प्रयास को देखकर दंग रह गए थे। आउट होने के बाद खुद हार्दिक पांड्या भी हैरान थे। उन्हें 14 रनों की पारी खेलकर वापस लौटना पड़ा। श्रेयस अय्यर ने कैच पूरा करने के बाद उठकर दर्शकों की ओर इशारा किया और जमकर इस कैच का जश्न मनाया।
क्विंटन डी कॉक ने लगाया शतक
मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजी की बात करें तो उन्होंने 20 ओवर बैटिंग करने के बाद 6 विकेट के नुकसान पर 195 रन बनाए। मुंबई के लिए इस मैच में क्विंटन डी कॉक ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाया, उन्होंने 60 बॉल पर नाबाद 112 रन बनाए। वहीं नमन धीर ने 31 बॉल पर 50 रन का योगदान दिया। अपनी इस पारी में उन्होंने 3 चौके और 3 छक्के लगाए। इस मुकाबले में पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था।
यह भी पढ़ें
Quinton de Kock ने पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच ठोकी सेंचुरी, राहुल-संजू वाले स्पेशल क्लब का बने हिस्सा