साउथ जोन सिलेक्टर्स ने दलीप ट्रॉफी स्क्वॉड में BCCI के सेंट्रली कॉन्ट्रैक्टेड खिलाड़ियों को शामिल करने के निर्देश को मानने से इनकार कर दिया है। KL राहुल, वॉशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज, साई सुदर्शन और प्रसिद्ध कृष्णा पहले से ही स्क्वॉड में शामिल नहीं हैं। अब साउथ जोन के सिलेक्टर्स के इस कदम के बाद टीम इंडिया के खिलाड़ियों के साउथ जोन की टीम से जुड़ने की संभावना बहुत कम हो गई है।
तिलक वर्मा साउथ जोन के कप्तान
गौरतलब है कि BCCI ने एक महीने पहले राज्य संघों को ईमेल के जरिए सलाह दी थी कि कॉन्ट्रैक्टेड खिलाड़ियों को टीम में जगह दी जाए, लेकिन साउथ जोन अधिकारियों ने 26 जुलाई को घोषित टीम पर ही भरोसा जताया है। टीम की कप्तानी तिलक वर्मा करेंगे, जो स्क्वॉड में शामिल एकमात्र कॉन्ट्रैक्टेड खिलाड़ी हैं।
साउथ जोन अधिकारियों का कहना है कि नेशनल सिलेक्टर्स को जोनल टीमों के चुनाव में दखल नहीं देना चाहिए। उनका कहना है कि यदि BCCI को खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करनी है, तो कॉन्ट्रैक्टेड खिलाड़ियों के लिए रणजी ट्रॉफी खेलना अनिवार्य करना चाहिए। अधिकारियों का मानना है कि स्टार खिलाड़ी इंडिया-ए मैचों में शामिल किए जा सकते हैं, जबकि दलीप ट्रॉफी को घरेलू रणजी प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का मंच बने रहना चाहिए।
क्रिकबज के मुताबिक, साउथ जोन के एक अधिकारी ने कहा कि केरल ने इतिहास में पहली बार रणजी ट्रॉफी फाइनल खेला और बेहद करीबी मुकाबले में हारा। उनका सीजन शानदार रहा और उनके खिलाड़ियों का चयन बनता था। अगर भारत के स्टार खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया जाता, तो केरल के अधिकांश खिलाड़ियों को जगह नहीं मिल पाती।
15 सदस्यीय टीम में चार खिलाड़ी केरल से, तीन हैदराबाद से, दो-दो आंध्र, तमिलनाडु और कर्नाटक से तथा एक-एक पांडिचेरी और गोवा से चुने गए हैं। सिलेक्शन मीटिंग में यह प्रस्ताव पारित किया गया कि केवल घरेलू प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ही इस मल्टी-डे टूर्नामेंट में मौका दिया जाएगा। टीम के हेड कोच लक्ष्मीपति बालाजी होंगे।
टीम में बदलाव मुश्किल
पिछले सीजन की रनर-अप साउथ जोन टीम को सीधे सेमीफाइनल में जगह मिली है, जो 4 सितंबर से शुरू होगा। हालांकि समय अभी बचा है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि अब टीम में बदलाव की संभावना नहीं है क्योंकि यात्रा और रहने की व्यवस्थाएं पहले ही तय हो चुकी हैं।
दूसरी तरफ, अन्य जोनल टीमों ने BCCI के निर्देशों का पालन करते हुए कॉन्ट्रैक्टेड खिलाड़ियों को शामिल किया है। सेंट्रल जोन ने कुलदीप यादव, रजत पाटीदार और ध्रुव जुरेल को चुना है। ईस्ट जोन ने मोहम्मद शमी, मुकेश कुमार, ईशान किशन और आकाश दीप को जगह दी है। वेस्ट जोन में यशस्वी जायसवाल, रुतुराज गायकवाड़, श्रेयस अय्यर और सरफराज खान को मौका मिला है। वहीं नॉर्थ जोन ने शुभमन गिल, अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा को टीम में जगह दी है।