1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. मुंबई इंडियंस को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ क्यों करना पड़ा हार का सामना? कप्तान सूर्या ने बताया ये बड़ा कारण

मुंबई इंडियंस को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ क्यों करना पड़ा हार का सामना? कप्तान सूर्या ने बताया ये बड़ा कारण

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : Apr 04, 2026 08:46 pm IST,  Updated : Apr 04, 2026 08:46 pm IST

DC vs MI: मुंबई इंडियंस की टीम को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में 6 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा। इस मैच हार को लेकर बड़ा कारण मुंबई इंडियंस के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने खराब बल्लेबाजी को बताया।

Suryakumar Yadav- India TV Hindi
सूर्यकुमार यादव Image Source : AFP

मुंबई इंडियंस की टीम ने इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन की शुरुआत शानदार जीत के साथ की थी, जिसके बाद उनसे दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी। हालांकि मुंबई इंडियंस ऐसा करने में कामयाब नहीं हो सकी और उसे 6 विकेट से एकतरफा हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में मुंबई इंडियंस की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 162 रनों का स्कोर बनाया था, जिसका पीछा दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने सिर्फ 18.1 ओवर्स में 4 विकेट के नुकसान पर कर लिया। इस मैच में हार के बाद हार्दिक पांड्या की जगह पर कप्तानी की जिम्मेदारी संभाल रहे सूर्यकुमार यादव का बयान भी आया जिसमें उन्होंने खराब बल्लेबाजी को बड़ा कारण बताया।

हमने इस मैच में 15 से 20 रन कम बनाए

सूर्यकुमार यादव ने दिल्ली कैपिटल्स की टीम के खिलाफ हार के बाद ब्रॉडकास्टर को दिए बयान में कहा कि मुझे लगता है कि ये पिच काफी सही थी, क्योंकि हमें उम्मीद थी कि ये दूसरी पारी के दौरान थोड़ा धीमे हो जाएगी। इसके बावजूद बल्लेबाजी के नजरिए से देखा जाए तो हमने इस मुकाबले में 15 से 20 रन कम बनाए जो हार का एक बड़ा कारण भी। लेकिन मैं इसके लिए दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजों का श्रेय कम नहीं करना चाहता हूं। वहीं उन्होंने दूसरी पारी में काफी शानदार बल्लेबाजी की जिसमें खासकर समीर रिजवी ने क्योंकि 7 के स्कोर पर 2 विकेट गिरने के बाद उन्होंने जिस तरह से बल्लेबाजी की उसके बाद हमें वापसी के लिए कोई मौका नहीं मिल सका।

मेरा और नमन का विकेट गलत समय पर गिर गया

इस मैच में सूर्यकुमार यादव के बल्ले से 51 रनों की शानदार पारी देखने को मिली, लेकिन उन्होंने अपना विकेट काफी अहम समय पर गंवा दिया था। इसको लेकर भी सूर्या ने कहा कि मुझे लगता है कि मैं और नमन, हम दोनों 16वें और 18वें ओवर के दौरान गलत समय पर आउट हो गए, वरना हम कम से कम औसत से ऊपर का स्कोर तो बना ही लेते जो करीब 180 से 185 रनों का होता और वह इस पिच को देखते काफी सही रहता है, हालांकि आपको ऐसे दिनों का सामना भी करना पड़ता है। मुझे विश्वास है कि हम इस हार से उबर कर अगले मैच में वापसी करने में कामयाब हो सकेंगे।

ये भी पढ़ें

रोहित शर्मा ने दिखाई ऐसी चालाकी कि दिल्ली कैपिटल्स ने बर्बाद कर दिया DRS, बताया क्यों किया ऐसा

रोहित शर्मा ने हासिल किया बड़ा मुकाम, विराट-धोनी वाले क्लब में मारी एंट्री

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल