टी20 विश्व कप में एक बार फिर टीम इंडिया ने पाकिस्तान को पटकनी दी है। इस बार के मुकाबले में तो करीब करीब एकतरफा अंदाज में भारतीय टीम ने जीत दर्ज की है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 175 रन बनाए थे, लेकिन पाकिस्तानी टीम अपने कोटे के पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल पाए। पूरी टीम 18 ओवर में केवल 114 रन बनाकर आउट हो गई। इस बीच भारत ने एक बार फिर से अंक तालिका में पहले नंबर की कुर्सी पर कब्जा कर लिया है। खास बात ये है कि पाकिस्तानी टीम अब प्वाइंट्स टेबल में यूएसए से भी नीचे चली गई है।
भारत ने पाकिस्तान को टी20 विश्व कप के मुकाबले में हराकर दो और अंक हासिल कर लिए हैं। इसके साथ ही अब भारत के 6 अंक हो गए हैं। साथ ही टीम ने सुपर 8 में भी अपनी जगह पक्की कर ली है। भारत ने इस साल के टी20 विश्व कप में पहले यूएसए को मात दी, इसके बाद दूसरे मैच में नामीबिया को हराया और इस जीत के सिलसिले को जारी रखते हुए तीसरे मैच में अब पाकिस्तान को भी पीट दिया है।
इस मैच से पहले उम्मीद की जा रही थी कि पाकिस्तानी टीम कड़ी टक्कर देगी, लेकिन इसके उलट हुआ। मैच नहीं ये मिसमैच था और भारत ने पाकिस्तान को एकतरफा अंदाज में हराया। दूसरी पारी में तो पहली बॉल से लेकर आखिर तक कभी लगा ही नहीं कि पाकिस्तानी टीम इस मैच को जीत पाएगी। पहले ओवर से विकेट गिरने का जो सिलसिला शुरू हुआ, वो 18वें ओवर तक जारी रहा। इस बीच अंक तालिका में पाकिस्तानी टीम को गहरा झटका लगा है।
आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में ग्रुप ए की अंक तालिका में टीम इंडिया को पहले नंबर पर है ही, इस बीच यूएसए की टीम दूसरे नंबर पर पहुंच गई है। यूएसए और पाकिस्तान के अंक बराबर है, लेकिन पाकिस्तान का इस मैच में बड़ी हार से नेट रन रेट खराब हो गया है। भारत का तीन जीत के बाद जहां एक ओर नेट रन रेट 3.050 का हो गया है, वहीं यूएसए का 0.788 का है। पाकिस्तान का नेट रन रेट माइनस में 0.403 में चला गया है। पाकिस्तानी टीम अब यहां से सुपर 8 में पहुंच पाएगी कि नहीं, इसको लेकर भी शंका है।
यह भी पढ़ें
संपादक की पसंद