लॉर्ड्स में भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे ऐतिहासिक महिला टेस्ट के तीसरे दिन इंग्लिश क्रिकेटर टैमी ब्यूमोंट का 17 साल लंबे करियर पर विराम लग गया। उन्हें भारतीय महिला टीम ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया। हालांकि, उनके करियर का आखिरी अध्याय उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा और वह पहली ही गेंद पर गोल्डन डक का शिकार हो गईं।
इंग्लैंड की दूसरी पारी में जीत के लिए 457 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए टैमी ब्यूमोंट ओपनिंग करने उतरीं, लेकिन भारतीय तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ ने अपनी पहली ही गेंद पर उनका स्टंप उखाड़ दिया। इस तरह ब्यूमोंट अपने इंटरनेशनल करियर की आखिरी पारी में बिना खाता खोले पवेलियन लौट गईं।
भारतीय टीम ने दिखाया बड़ा दिल
मैच शुरू होने से पहले भारतीय कप्तान स्मृति मंधाना और उनकी टीम ने टैमी ब्यूमोंट के सम्मान में गार्ड ऑफ ऑनर दिया। भारतीय खिलाड़ियों ने बल्ले उठाकर उनके लिए सम्मान की कतार बनाई, जिसके बीच से गुजरते हुए ब्यूमोंट मैदान पर पहुंचीं। लॉर्ड्स में मौजूद दर्शकों ने भी खड़े होकर तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया। यह भावुक पल देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
35 साल की टैमी ब्यूमोंट ने 2009 में महज 18 साल की उम्र में इंग्लैंड के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने महिला क्रिकेट में कई यादगार उपलब्धियां हासिल कीं। उनके नाम इंग्लैंड की ओर से महिला ODI क्रिकेट में सबसे ज्यादा 12 शतक लगाने का रिकॉर्ड है। 2017 महिला ODI वर्ल्ड कप में इंग्लैंड को चैंपियन बनाने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी और उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया था। वहीं, 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में दोहरा शतक लगाकर उन्होंने इतिहास रचा था।
लॉर्ड्स टेस्ट को चुना विदाई का मंच
मैच से पहले टैमी ब्यूमोंट ने कहा था कि लॉर्ड्स में खेला जा रहा पहला महिला टेस्ट उनके इंटरनेशनल करियर को अलविदा कहने का सबसे उपयुक्त अवसर है। उन्होंने कहा था कि लॉर्ड्स में खेला जाना वाला पहला महिला टेस्ट उनके करियर को समाप्त करने के लिए बिल्कुल सही मौका है। लगभग 17 साल तक इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व करना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है। हालांकि, इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहने के बावजूद ब्यूमोंट क्रिकेट से पूरी तरह दूर नहीं होंगी। वह घरेलू क्रिकेट में खेलना जारी रखेंगी और युवा खिलाड़ियों का मार्गदर्शन भी करती रहेंगी।
यह भी पढ़ें: