Shree Charani Record: भारत और ऑस्ट्रेलिया महिला टीम के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली गई। इस सीरीज में ऑस्ट्रेलिया ने 3-0 से टीम इंडिया का क्लीन स्वीप किया। सीरीज के आखिरी मैच में ऑस्ट्रेलिया की टीम को पहले बल्लेबाजी करने का मौका मिला। पहले बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 50 ओवर में 409 रन बोर्ड पर लगा दिए। इस दौरान उनके लिए कप्तान एलिसा हीली ने शानदार 158 रन की पारी खेली। उनके अलावा बेथ मूनी ने 106 रन बनाए। इस मैच में टीम इंडिया के गेंदबाज श्री चरनी काफी महंगी साबित हुई और इस वजह से उनके नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड जुड़ गया।
श्री चरनी ने इस मैच में 10 ओवर बॉलिंग की और इस दौरान उन्होंने 106 रन खर्च करते हुए 2 विकेट लिए। इसके साथ ही वह वनडे (मेंस+वुमेंस) में भारत के लिए सबसे महंगा स्पेल फेंकने वाली बॉलर बन गई हैं। वहीं वुमेंस वनडे में भी वह सबसे महंगा स्पेल फेंकने वाली बॉलर बन गई हैं। भारत के लिए वनडे में सबसे महंगा स्पेल फेंकने का रिकॉर्ड संयुक्त रूप से श्री चरनी और भुवनेश्वर कुमार के नाम दर्ज हो गया है। भुवी ने साल 2015 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच में 10 ओवर में 106 रन लुटाए थे और एक विकेट अपने नाम किया था।
इसी मैच में टीम इंडिया तरफ से दीप्ति शर्मा ने 10 ओवर में 90 रन खर्च करते हुए एक विकेट अपने नाम किए। इसके साथ ही वह वुमेंस वनडे में भारत के लिए दूसरा सबसे महंगा स्पेल फेंकने वाली गेंदबाज बन गई हैं। वहीं इस लिस्ट में तीसरा नाम प्रिया मिश्रा का है। उन्होंने साल 2024 में ब्रिस्बेन में खेले गए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में 88 रन खर्च करते हुए एक विकेट लिया था। वह वनडे इतिहास में भारत के लिए तीसरी सबसे महंगी स्पेल फेंकने वाली गेंदबाज हैं।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए तीसरे वनडे मैच की बात करें तो वहां टीम इंडिया की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले बॉलिंग करने का उनका फैसला पूरी तरह से गलत साबित हुआ। ऑस्ट्रेलिया ने एलिसा हीली और बेथ मूनी की शतकीय पारी के दम पर 7 विकेट के नुकसान पर 409 रन बना दिए। जवाब में टीम इंडिया के बल्लेबाज इस टारगेट को हासिल नहीं कर सके और अंत में उन्हें 185 रनों से हार का सामना करना पड़ा। सीरीज के तीनों वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया महिला की टीम ने भारत को एकतरफा अंदाज में हराया है।
यह भी पढ़ें
IND vs WI: सुपर 8 में वेस्टइंडीज से जीती टीम इंडिया तो किससे होगा सेमीफाइनल, किस दिन होगा मुकाबला
IND vs WI Match Time Today: कितने बजे शुरू होगा भारत बनाम वेस्टइंडीज मुकाबला, नोट कर लीजिए सही वक्त
संपादक की पसंद