1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs ENG: टीम इंडिया की ओपनिंग जोड़ी पक्की! 20 जून तक का मत कीजिए इंतजार

IND vs ENG: टीम इंडिया की ओपनिंग जोड़ी पक्की! 20 जून तक का मत कीजिए इंतजार

 Published : Jun 06, 2025 04:36 pm IST,  Updated : Jun 06, 2025 04:36 pm IST

IND vs ENG: टेस्ट क्रिकेट से रोहित शर्मा के रिटायरमेंट के बाद अब भारतीय टीम को नई ओपनिंग जोड़ी मिलती हुई नजर आ रही है। भारत ए बनाम इंग्लैंड लायंस के मुकाबले में इसकी झलक दिख गई।

kl rahul and yashaswi jaiswal- India TV Hindi
केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल Image Source : GETTY

India vs England 1st Test: रोहित शर्मा ने जब इंग्लैंड सीरीज से पहले टेस्ट से रिटायमेंट का ऐलान किया तो सबसे बड़ा सवाल यही था कि अब टेस्ट में भारत की सलामी जोड़ी क्या होगी। रोहित शर्मा ने इतने लंबे समय तक ओ​पनिंग की है कि उनके बाद कौन होगा, इसके बारे में ज्यादा विचार ही नहीं किया गया। लेकिन अब मौका आ गया है कि नई ओपनिंग जोड़ी तलाश की जाए। भारत बनाम इंग्लैंड सीरीज में भारत के लिए पारी की शुरुआत कौन करेगा, इसका अंदाजा मिल गया है। अब 20 जून को इस पर मोहर भी लग सकती है। 

इंग्लैंड के​ खिलाफ सीरीज में कौन करेगा टीम इंडिया के लिए ओपनिंग

भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ पहला टेस्ट खेलने के लिए तो 20 जून को उतरेगी, लेकिन इससे पहले एक प्रैक्टिस मैच अभी खेला जा रहा है। भारत ए और इंग्लैंड लायंस के बीच मुकाबला हो रहा है, इसमें भारत की कप्तानी अभिमन्यु ईश्वरन को दी गई है। केएल राहुल इस टीम का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन वे पहले ही वहां पहुंच गए हैं और इस मैच में खेल रहे हैं। केएल राहुल टेस्ट स्क्वाड का हिस्सा हैं। शुक्रवार को जब भारत ए और इंग्लैंड लायंस के बीच मुकाबला शुरू हुआ तो ओपनिंग की जिम्मेदारी यशस्वी जायसवाल के साथ केएल राहुल ने ही संभाली। जबकि पिछले मैच में जायसवाल के साथ कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन ने ओपनिंग की थी। 

इससे पहले भी टेस्ट में ओपनिंग कर चुके हैं केएल राहुल

केएल राहुल का पहले ही इंग्लैंड पहुंच जाना, टीम में ना होने के बाद भी अचानक खेलना और ओपनिंग करना ये बताता है कि जब 20 जून को भारत और इंग्लैंड के बीच असली मुकाबला शुरू होगा तो ओपनिंग जोड़ी यही होगी, जो इस मैच में नजर आई है। आपको याद होगा कि जब टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई थी, तब पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के दो मैचों में केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल ने ही ओपनिंग की थी। पहला टेस्ट रोहित ने मिस किया था और आखिरी टेस्ट में वे खुद ही प्लेइंग इलेवन से बाहर हो गए थे। उस वक्त केएल राहुल ने ओपनिंग करते हुए शानदार खेल का का प्रदर्शन किया था। 

भारत की प्लेइंग इलेवन को लेकर अभी नहीं खुले हैं पत्ते

भारत की बाकी प्लेइंग इलेवन क्या होगी तो इस पर जरूर चर्चा होगी, लेकिन नहीं लगता कि ओ​पनिंग को लेकर कोई भी सस्पेंस है। अब ये देखना जरूर दिलचस्प होगा कि नंबर तीन पर कौन आता है और खुद कप्तान शुभमन गिल अपने लिए कौन सा नंबर चुनते हैं। साई सुदर्शन को मौका दिया जाता है या फिर ​अभिमन्यु ईश्वर खेलते हुए दिखाई देते हैं। करीब आठ साल बाद टेस्ट में वापसी करने वाले करुण नायर को लेकर भी दिलचस्पी है कि वे फिर से भारत की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा होंगे कि नहीं। कई सवाल हैं, उनके जवाब 20 जून को दोपहर 3 बजे मिल जाएंगे, जब दोनों टीमों के कप्तान बीच मैदान में टॉस के लिए उतरेंगे। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल