1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. भारतीय तेज गेंदबाज आकाशदीप के घर बजेगी शहनाई, 24 जून को अक्षिता संग लेंगे सात फेरे

भारतीय तेज गेंदबाज आकाशदीप के घर बजेगी शहनाई, 24 जून को अक्षिता संग लेंगे सात फेरे

 Edited By: Hitesh Jha
 Published : Jun 13, 2026 08:06 am IST,  Updated : Jun 13, 2026 08:07 am IST

भारतीय टीम के स्टार पेसर आकाशदीप बहुत जल्द शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। इस हाई-प्रोफाइल शादी में क्रिकेट और अन्य क्षेत्रों के कई बड़े दिग्गज शिरकत कर सकते हैं।

Akash Deep- India TV Hindi
आकाश दीप Image Source : REPORTER INPUT

भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप के घर जल्द ही शहनाई बजने वाली है। बिहार के रोहतास जिले के रहने वाले आकाश दीप की शादी तय हो गई है, जिससे उनके पैतृक गांव बड्डी में खुशी और जश्न का माहौल है। पूरा गांव इस समय तैयारियों में जुटा हुआ है और हर कोई अपने चहेते खिलाड़ी की शादी को लेकर बेहद उत्साहित है। आकाश दीप की शादी के सारे शुरुआती कार्यक्रम उनके अपने गांव बड्डी में ही पारंपरिक तरीके से पूरे किए जाएंगे।

गांव में होंगी पारंपरिक रस्में, वाराणसी में होगी शादी

तय कार्यक्रम के अनुसार, 21 जून को गांव में तिलक का भव्य समारोह होगा। इसके बाद 22 जून को मेहंदी और 23 जून को हल्दी की रस्में निभाई जाएंगी। इन घरेलू कार्यक्रमों में उनके रिश्तेदार, करीबी दोस्त और पूरे गांव के लोग शामिल होंगे, जिसे लेकर गांव की गलियों और घरों को सजाने का काम भी शुरू हो चुका है। गांव में पारंपरिक रस्में पूरी होने के बाद, 24 जून को उत्तर प्रदेश के पवित्र शहर वाराणसी के एक शानदार फाइव स्टार होटल में शादी होगी। इस शादी में खेल, राजनीति और प्रशासन जगत से जुड़ी कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है। हाल ही में उन्होंने बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह से मुलाकात कर उन्हें शादी का कार्ड सौंपा था।

कौन हैं आकाश दीप की होने वाली दुल्हन अक्षिता राज?

आकाश दीप की होने वाली पत्नी अक्षिता राज हैं, जो डेहरी के मानिकपुर गांव की रहने वाली हैं। अक्षिता अमित कुमार सिंह और रेणु सिंह की बेटी हैं। दोनों परिवारों के बड़ों की आपसी सहमति से यह एक पूरी तरह पारंपरिक अरेंज मैरिज तय हुई है। अक्षिता पढ़ाई-लिखाई में काफी आगे रही हैं। उन्होंने 'बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, मेसरा' (BIT Mesra) से बीसीए (BCA) और एमसीए (MCA) की डिग्री हासिल की है। उन्हें कॉलेज की तरफ से जॉब का मौका भी मिला था, लेकिन शादी की व्यस्तताओं के चलते उन्होंने फिलहाल उसे छोड़ दिया।

भारत के लिए 10 टेस्ट मैच खेल चुके हैं आकाश दीप

आकाश दीप की बात करें तो वह भारत के लिए टेस्ट फॉर्मेट में डेब्यू कर चुके हैं। वहीं आईपीएल में वह RCB, KKR और LSG का हिस्सा रह चुके हैं। अभी तक वह 10 टेस्ट मैच खेलने में कामयाब रहे हैं और वहां उन्होंने 18 पारियों में 35.78 की गेंदबाजी औसत से 28 विकेट हासिल किए हैं। इस फॉर्मेट में वह एक बार पांच विकेट और एक बार 10 विकेट हॉल ले चुके हैं। उन्हें अभी तक वनडे और टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू नहीं किया है।

इनपुट: रंजन सिंह

यह भी पढ़ें

FIFA World Cup 2026: जोवो ल्युकिक का ऐतिहासिक गोल भी बोस्निया को नहीं दिला सका जीत, कनाडा की शानदार वापसी

वुमेंस T20 वर्ल्ड कप के पहले ही मैच में इंग्लैंड का करिश्मा, बना दिया इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल