Vaibhav Sooryavanshi: इंडिया ए के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी बल्लेबाजी नहीं बल्कि मैदान पर हुआ विवाद है। श्रीलंका ए के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में सुपर ओवर की हार के बाद वैभव की श्रीलंकाई खिलाड़ी से धक्का-मुक्की हो गई। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस बीच सवाल उठ रहे हैं कि क्या अब वैभव सूर्यवंशी पर कोई एक्शन हो सकता है।
दरअसल, दांबुला में खेले गए ट्राई ODI सीरीज के मुकाबले में इंडिया ए और श्रीलंका ए के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। निर्धारित 50 ओवर के बाद दोनों टीमें बराबरी पर रहीं, जिसके चलते मुकाबले का फैसला सुपर ओवर से हुआ। हालांकि, सुपर ओवर में श्रीलंका ए ने बाजी मार ली और इंडिया ए को हार का सामना करना पड़ा।
मैच के बाद श्रीलंका के खिलाड़ी से भिड़े वैभव
मैच खत्म होने के बाद माहौल अचानक गर्म हो गया। श्रीलंका के विषेन हालाम्बागे और भारत के वैभव सूर्यवंशी के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों खिलाड़ियों के बीच हल्का शारीरिक संपर्क भी देखने को मिला। हालात बिगड़ते देख श्रीलंका ए के विकेटकीपर निरोशन डिकवेला बीच-बचाव के लिए आगे आए और दोनों खिलाड़ियों को अलग किया। अब निगाहें मैच रेफरी पर टिकी हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि वह खिलाड़ियों को सिर्फ चेतावनी देते हैं या फिर आधिकारिक सजा भी सुनाते हैं।
क्या कहता है ICC का नियम?
ICC कोड ऑफ कंडक्ट के अनुच्छेद 2.12 के तहत किसी खिलाड़ी, सपोर्ट स्टाफ, अंपायर, मैच रेफरी या किसी अन्य व्यक्ति के साथ अनुचित शारीरिक संपर्क करना नियमों का उल्लंघन माना जाता है। नियम के अनुसार, क्रिकेट में किसी भी तरह का अनुचित शारीरिक संपर्क प्रतिबंधित है। यदि कोई खिलाड़ी जानबूझकर, लापरवाही से किसी अन्य खिलाड़ी या अंपायर से टकराता है, कंधा मारता है या शारीरिक संपर्क करता है, तो उसे दोषी माना जा सकता है। ऐसे में खिलाड़ी को चेतावनी, जुर्माना या फिर डिमेरिट पॉइंट दिया जा सकता है। ट्राई सीरीज में भारतीय टीम अब अपना अगला मुकाबला 17 जून को अफगानिस्तान ए के खिलाफ खेलेगी। इस मैच में टीम इंडिया को हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी, वरना फाइनल में जाना मुश्किल हो सकता है।
यह भी पढ़ें:
इंग्लैंड ने दूसरे टेस्ट के लिए किया प्लेइंग XI का ऐलान, दो प्लेयर्स को मिला डेब्यू का मौका
टीम इंडिया की हार को पचा नहीं पाए वैभव सूर्यवंशी, श्रीलंका के प्लेयर्स के साथ की धक्का-मुक्की