1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टीम इंडिया की हार को पचा नहीं पाए वैभव सूर्यवंशी, श्रीलंका के प्लेयर्स के साथ की धक्का-मुक्की

टीम इंडिया की हार को पचा नहीं पाए वैभव सूर्यवंशी, श्रीलंका के प्लेयर्स के साथ की धक्का-मुक्की

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Jun 15, 2026 07:12 pm IST,  Updated : Jun 15, 2026 08:29 pm IST

भारत के मैच हारते ही जोश में आकर श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने वैभव को कुछ कहा। पवेलियन की तरफ लौट रहे वैभव सूर्यवंशी उनकी बातों को सुनकर भड़क गए और श्रीलंकाई खिलाड़ियों के साथ उनकी धक्का-मुक्की हो गई।

Vaibhav Sooryvanshi- India TV Hindi
वैभव सूर्यवंशी ने श्रीलंका के प्लेयर्स के साथ की धक्का मुक्की Image Source : X/SCREENGRAB

Vaibhav Sooryavanshi: श्रीलंका ए ने 15 जून को ट्राई सीरीज के चौथे मैच में इंडिया ए को सुपर ओवर में हरा दिया। मैच टाई होने के रिजल्ट निकालने के लिए सुपर ओवर खेला गया। सुपर ओवर में श्रीलंका ए ने सुपर ओवर में 16 रन बनाए, लेकिन जवाब में इंडिया ए की टीम सिर्फ 9 रन ही बना पाई। भारत को हराने के बाद जोश में आकर श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने वैभव को कुछ बातें कही। उन बातों को सुनकर 15 साल के वैभव सूर्यवंशी भड़क गए और श्रीलंकाई खिलाड़ियों के साथ उनकी धक्का-मुक्की हो गई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

श्रीलंका के प्लेयर्स के साथ भिड़े वैभव

ये पूरा मामला सुपर ओवर खत्म होने के बाद हुआ। दरअसल सुपर ओवर की आखिरी गेंद पर वैभव रन नहीं बना पाए और इंडिया-ए की टीम हार गई। इसके बाद श्रीलंकाई टीम जीत का जश्न मनाने लगी और इसके बाद श्रीलंका के प्लेयर विशेन हालामबेग ने वैभव और सूर्यांश शेड्गे से कुछ कह दिया। इसके बाद दोनों खिलाड़ी भिड़ गए। इस दौरान वैभव ने श्रीलंका के प्लेयर को धक्का दे दिया और फिर श्रीलंका के प्लेयर्स ने भी वही किया। हालांकि बाद में श्रीलंका के ही कुछ खिलाडियों ने बीच बचाव किया। लेकिन ड्रेसिंग रूम की तरफ लौटते हुए वैभव श्रीलंकाई खिलाड़ियों की तरफ हाथ से इशारा करते हुए कुछ कह रहे थे और वह इस दौरान काफी गुस्से में नजर आए।

इस मैच में सिर्फ 21 रन बना पाए वैभव सूर्यवंशी

इस मैच में वैभव बल्ले से कुछ खास नहीं कर पाए। पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंडिया-ए टीम का पहला विकेट वैभव के रूप में ही गिरा, जिन्होंने 14 गेंदों में 21 रन बनाए। इसके बाद सुपर ओवर में भी वह अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके। इंडिया-ए की पूरी टीम 49.2 ओवरों में 265 रन बनाकर आउट हो गई। श्रीलंका-ए ने भी जवाब में ठीक 265 रन ही बनाए, जिससे मैच टाई हो गया और नतीजा निकालने के लिए सुपर ओवर खेला गया। सुपर ओवर में श्रीलंका-ए ने पहले खेलते हुए 16 रन बनाए। जवाब में इंडिया-ए की टीम केवल 9 रन ही बना सकी और यह मैच हार गई।

इंडिया ए को मिली लगातार दूसरी हार

आपको बता दें कि यह इस ट्राई सीरीज में टीम इंडिया की दूसरी हार है। इस ट्राई सीरीज का आगाज इंडिया ए की टीम ने जीत के साथ किया था। पहले मैच में उन्होंने 8 रनों से श्रीलंका ए को हराया था। इसके बाद दूसरे मैच में अफगानिस्तान ने DLS नियम के तहत इंडिया ए को 4 रनों से हराया। वहीं अब आज के मैच में भी इंडिया ए को श्रीलंका से सुपर ओवर में हार का सामना करना पड़ा।

यह भी पढ़ें

तिलक वर्मा को ये क्या हुआ? कप्तान बनने के बाद स्ट्राइक रेट में आई भयंकर गिरावट

इंडिया ए बनाम श्रीलंका ए मैच में जमकर हुआ बवाल, तिलक वर्मा ने सुपर ओवर में की अंपायर के साथ बहस

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल