भारतीय अंडर-19 टीम इन दिनों इंग्लैंड के खिलाफ दो मैचों की यूथ टेस्ट सीरीज खेल रही है। दोनों टीमों के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला चेम्सफोर्ड काउंटी ग्राउंड में खेला जा रहा है। इस मैच में टीम इंडिया के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी से सभी को काफी उम्मीदें थी। लेकिन वह बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। उन्होंने टेस्ट में टी-20 वाला अवतार दिखाया और 14 गेंदों में 1 चौका और 2 छक्के की मदद से 20 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 140 से ज्यादा का रहा। लेकिन वह इस शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर पाए।
बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में अपना विकेट गंवा बैठे वैभव
वैभव सूर्यवंशी ने अपने पारी की शुरुआत शानदार अंदाज में की। उन्होंने आते ही चौके-छक्के लगाए। लेकिन वह शायद ये भूल गए थे कि यह टेस्ट मैच है, जहां धैर्य के साथ बल्लेबाजी करनी होती है। वह इस पारी में भी बड़ा शॉट लगाने के चक्कर में अपना विकेट गंवा बैठे। पहले टेस्ट मैच में भी वैभव कुछ खास कमाल नहीं कर पाए थे। वहां उन्होंने पहली पारी में 14 और दूसरी पारी में 56 रन बनाए थे।
इंग्लैंड दौरे पर वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन रहा है शानदार
बता दें वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड दौरे पर अभी तक काफी अच्छी बल्लेबाजी की है। इस दौरे पर वह टेस्ट और वनडे को मिलाकर अब तक 32 छक्के लगा चुके हैं। यूथ वनडे सीरीज में उन्होंने 29 छक्के लगाए थे और अब टेस्ट सीरीज में वह अब तक 3 छक्के जड़ चुके हैं। वैभव सूर्यवंशी ने अब तक तीन पारियों में सिर्फ 90 रन बनाए हैं। उन्हें इस सीरीज में अब एक और पारी में बल्लेबाजी करना मौका मिल सकता है। वहां उनका प्रदर्शन कैसा रहता है ये देखना दिलचस्प होगा।
इंग्लैंड ने पहले बैटिंग करते हुए बनाए 300 से ज्यादा रन
मैच की बात करें तो इंग्लैंड अंडर-19 की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 309 रन बनाकर ऑलआउट हुई। इंग्लैंड की तरफ से इस मैच में एकांश सिंह ने शानदार शतक लगाया। उन्होंने 155 गेंदों में 14 चौके और 3 छक्के की मदद से 117 रन बनाए थे। इनके अलावा थॉमस रेव ने अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने 79 गेंदों पर 59 रन बनाए। वहीं जेम्स मिंटो ने 46 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में भारत के लिए नमन पुष्पक ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। उनके अलावा आरएस अम्ब्रीश और आदित्य रावत ने 2-2 विकेट निकाले।
यह भी पढ़ें:
IND vs ENG: चौथे टेस्ट मैच के लिए हुआ प्लेइंग XI का ऐलान, 8 साल बाद हुई इस प्लेयर की वापसी
जसप्रीत बुमराह के पास टॉप पर जाने का सुनहरा मौका, इमरान खान जैसे दिग्गज भी हो जाएंगे पीछे