आईपीएल 2025 के सीजन की ट्रॉफी अपने नाम करने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम अपने खिताब को आगामी सीजन में बचाने में कामयाब हो पाएगी या नहीं इसको लेकर सभी की नजरें रहने वाली हैं। आरसीबी की टीम को इंडियन प्रीमियर लीग का पहला खिताब जीतने के लिए 18 साल लंबा इंतजार करना पड़ा, लेकिन अब लगातार दूसरी बार भी इस ट्रॉफी को अपने नाम करने के इरादे से मैदान पर उतरने वाली है। आरसीबी टीम के सबसे अहम खिलाड़ी और पहले सीजन से इस फ्रेंचाइजी का हिस्सा रहने वाले विराट कोहली का नए सीजन से पहले एक बड़ा बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने अपनी टीम के साथी खिलाड़ियों को आगाह किया है कि टाइटल को डिफेंड करने के लिए हमें काफी बेहतर तैयारी के साथ मैदान पर उतरना पड़ेगा।
अब हमारे लिए चीजें और मुश्किल होने वाली हैं
आरसीबी ने आईपीएल 2026 सीजन की तैयारियों को लेकर बेंगलुरु स्थिति अपने होम ग्राउंड एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में प्रैक्टिस करना शुरू कर दिया है, जिसमें कई अहम खिलाड़ी टीम के साथ जुड़ गए हैं। आरसीबी की तरफ से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने प्रैक्टिस सेशन का एक वीडियो पोस्ट किया गया है, जिसमें विराट कोहली टीम के बाकी खिलाड़ियों से बातचीत करते हुए दिखाई दिए। कोहली ने सभी से कहा कि पिछले दो से तीन सीजन में हमने काफी कड़ी मेहनत की है, जिसके बाद हम पिछले सीजन हम ट्रॉफी जीतने में कामयाब हो सके। अब हमारे लिए चीजें और मुश्किल होने वाली हैं क्योंकि दूसरी टीमें अब और भी बेहतर तैयारी के साथ मैदान पर उतरेंगी।
हम जिस भी सेशन का हिस्सा हैं, उसका एक भी मिनट बर्बाद न करें
विराट कोहली ने प्रैक्टिस सेशन में शामिल सभी साथी खिलाड़ियों से आगे कहा कि हम सीजन का आगाज होने से पहले इन दिनों को बर्बाद नहीं कर सकते हैं। इसलिए अब हमें पूरी तरह से तैयार हो जाना चाहिए। हम जिस भी सेशन का हिस्सा हैं, उसका एक भी मिनट बर्बाद ना करें। हमें इन ढाई महीनों में अपना 120 फीसदी देना होगा। मैं सभी के चेहरों पर देख सकता हूं कि हम इस चैलेंज के लिए खुद को पूरी तरह से तैयार कर लेंगे। आरसीबी को सीजन का पहला मुकाबला 28 मार्च को अपने होम ग्राउंड पर सनराइजर्स हैदराबाद टीम के खिलाफ खेलना है।
ये भी पढ़ें
55 गेंदों में शतक, IPL 2026 से पहले 21 साल के खिलाड़ी ने मचाया तहलका, टीम को दिलाई जीत