1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. इंग्लैंड में विराट कोहली के पास इतिहास रचने का मौका, सचिन तेंदुलकर का तोड़ सकते हैं वर्ल्ड रिकॉर्ड

इंग्लैंड में विराट कोहली के पास इतिहास रचने का मौका, सचिन तेंदुलकर का तोड़ सकते हैं वर्ल्ड रिकॉर्ड

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jul 12, 2026 10:37 pm IST,  Updated : Jul 12, 2026 10:37 pm IST

विराट कोहली इंग्लैंड के खिलाफ ODI सीरीज से टीम इंडिया में वापसी करेंगे। वह ODI में 15000 रन पूरे करने से सिर्फ 203 रन दूर हैं और अगर तीन मैचों की सीरीज में यह आंकड़ा छू लेते हैं तो सबसे तेज 15000 रन बनाने का सचिन तेंदुलकर का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी तोड़ सकते हैं।

Virat Kohli - India TV Hindi
विराट कोहली Image Source : AFP

करीब 6 महीने के लंबे इंतजार के बाद विराट कोहली एक बार फिर भारतीय जर्सी में मैदान पर उतरने के लिए तैयार हैं। इंग्लैंड के खिलाफ 14 जुलाई से शुरू होने वाली ODI सीरीज सिर्फ उनकी वापसी की वजह से ही खास नहीं है, बल्कि इसलिए भी क्योंकि कोहली इस दौरान कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं। अगर उनका बल्ला चला, तो यह सीरीज उनके करियर की सबसे यादगार सीरीज में से एक बन सकती है।

6 महीने बाद मैदान पर आएंगे नजर

भारत और इंग्लैंड के बीच पहला ODI 14 जुलाई को खेला जाएगा। विराट ने जनवरी 2026 में न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी बार भारत के लिए इंटरनेशनल मैच खेला था। इसके बाद किंग कोहली चोट के कारण अफगानिस्तान के खिलाफ ODI सीरीज भी नहीं खेल सके थे। अब वह पूरी तरह फिट होकर मैदान पर उतरने के लिए तैयार हैं और उनके निशाने पर कई बड़े रिकॉर्ड हैं।

दरअसल, विराट कोहली अपने ODI करियर में 15000 रन पूरे करने से केवल 203 रन दूर हैं। फिलहाल उनके नाम 311 ODI मैचों में 14797 रन दर्ज हैं। ODI इतिहास में अब तक सिर्फ सचिन तेंदुलकर ही 15 हजार से ज्यादा रन बना पाए हैं। सचिन के नाम 18426 रन हैं। यदि कोहली इस आंकड़े तक पहुंचते हैं, तो वह इस उपलब्धि को हासिल करने वाले दुनिया के केवल दूसरे बल्लेबाज बन जाएंगे।

टूट सकता है सचिन का वर्ल्ड रिकॉर्ड 

कोहली के पास सिर्फ 15000 रन पूरे करने का मौका ही नहीं है, बल्कि वह सबसे तेज इस मुकाम तक पहुंचने का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी अपने नाम कर सकते हैं। सचिन तेंदुलकर ने 15000 ODI रन तक पहुंचने के लिए 359 पारियां खेली थीं, जबकि विराट अब तक सिर्फ 299 पारियां खेल चुके हैं। यानी अगर वह इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की इस सीरीज में 203 रन बना लेते हैं, तो 300 से 302 पारियों के बीच ही यह उपलब्धि हासिल कर लेंगे और सचिन का रिकॉर्ड पीछे छोड़ देंगे।

साल 2008 में ODI क्रिकेट में डेब्यू करने वाले विराट कोहली का करियर शानदार रहा है। उन्होंने अब तक 311 मैचों में 14797 रन बनाए हैं। उनका औसत 58.71 है, जबकि स्ट्राइक रेट 90 से ज्यादा का रहा है। उनके नाम 54 शतक और 77 अर्धशतक दर्ज हैं। ODI में उनका हाईएस्ट स्कोर 183 रन है।

यह भी पढ़ें:

टेस्ट क्रिकेट में वापसी को लेकर विराट कोहली ने कर दिया साफ, कहा - मैं अब आगे बढ़ चुका हूं

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल