आईपीएल के 18वें सीजन में चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम के बीच मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में सीएसके टीम के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। आरसीबी टीम की तरफ से ओपनिंग में उतरे विराट कोहली और फिल सॉल्ट के बीच पहले विकेट के लिए 45 रनों की साझेदारी देखने को मिली। सॉल्ट के आउट होने के बाद सभी को कोहली से बड़ी पारी की उम्मीद थी लेकिन वह 30 गेंदों का सामना करने के बाद भी सिर्फ 31 रनों की पारी खेलने में कामयाब हो सके, लेकिन इस दौरान उनका मथीशा पथिराना की गेंदबाजी के खिलाफ आक्रामक रुख सभी फैंस को काफी पसंद आया।
हेलमेट पर गेंद लगने के बाद कोहली ने अगली 2 गेंदों को पहुंचाया बाउंड्री पार
आरसीबी की टीम ने इस मैच में 10 ओवर्स का खेल खत्म होने के बाद 2 विकेट के नुकसान पर 93 रन बना लिए थे। इसके बाद सीएसके की तरफ से पारी का 11वां ओवर फेंकने आए मथीशा पथिराना ने ओवर की पहली गेंद बाउंसर फेंकी जिसका सामना विराट कोहली कर रहे थे, जिनके हेलमेट पर जाकर गेंद लगी। इस गेंद की रफ्तार करीब 142 किलोमीटर प्रति घंटा की थी। तुरंत आरसीबी टीम के फीजियो को मैदान के अंदर आना पड़ा जिसमें कोहली का कंकशन टेस्ट भी हुआ जिसमें वह पूरी तरह से फिट साबित हुए। कोहली ने इसके बाद अगली 2 गेंदों का सामना जिस तरह से किया उसने सभी फैंस को सबसे ज्यादा प्रभावित किया है। कोहली ने ओवर की दूसरी गेंद पर फाइन लेग की तरफ पुल शॉट खेलते हुए उसे सीधे 6 रनों के लिए पहुंचा दिया। वहीं तीसरी गेंद को मिड विकेट की तरफ खेलते हुए चौका लगा दिया। कोहली ने इस दौरान मथीशा पथिराना को घूर कर देखते हुए अपना गुस्सा भी जाहिर किया।
कोहली का विकेट नूर अहमद ने झटका
इस मैच में कोहली बल्ले से अपने उस अंदाज में खेलने में कामयाब नहीं हो सके जिसकी सभी को उम्मीद थी। 30 गेंदों का सामना करने के बाद भी वह सिर्फ 2 चौके और एक छक्का लगा सके जिसमें 31 के निजी स्कोर पर उन्हें नूर अहमद ने पवेलियन का रास्ता। हालांकि कोहली इस मैच में एक बड़ा कमाल करने में जरूर कामयाब रहे जिसमें वह आईपीएल में अब सीएसके के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।
ये भी पढ़ें
IPL में राशिद खान के खिलाफ कैसा है सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड, आंकड़े देख आप भी रह जाएंगे हैरान