भारत की सीनियर क्रिकेट टीम इस वक्त यूके के दौरे पर है। टीम इंडिया सबसे पहले आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी। इसके बाद टीम पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए इंग्लैंड जाएगी। आयरलैंड के खिलाफ इस सीरीज में टीम इंडिया की कप्तानी श्रेयस अय्यर करते हुए नजर आएंगे, उन्हें सूर्यकुमार यादव की जगह अब भारतीय टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। इस बीच हम आपको बताएंगे कि टीम इंडिया ने आयरलैंड के खिलाफ अपना पिछला टी20 मैच कब खेला था?
टी20 वर्ल्ड कप 2024 के दौरान खेला गया था इंडिया और आयरलैंड के बीच आखिरी मैच
इंडिया और आयरलैंड के बीच आखिरी टी20 मुकाबला 2024 में 5 जून को टी20 वर्ल्ड कप के दौरान खेला गया था। उस मुकाबले में टीम इंडिया ने 8 विकेट से जीत दर्ज की थी। आपको बता दें कि उस मैच में रोहित शर्मा और विराट कोहली भी टीम इंडिया का हिस्सा थे। उस मुकाबले में पहले भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आयरिश टीम को 100 रन भी नहीं बनाने दिए थे। आयरलैंड की टीम 16 ओवर में 96 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी। उस मुकाबले में हार्दिक पांड्या ने 3 विकेट अपने नाम किए थे। वहीं अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह को 2-2 विकेट मिले।
रोहित ने लगाया था अर्धशतक, विराट का नहीं चला बल्ला
97 रन के टारगेट को भारतीय टीम ने आसानी से 12.2 ओवर में हासिल कर लिया था। उस मैच में विराट का बल्ला नहीं चला था, वह 5 बॉल में 1 रन बनाकर आउट हुए थे। रोहित शर्मा ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 37 बॉल में 54 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए थे। पंत 26 बॉल पर 3 चौके और दो छक्के की मदद से 36 रन बनाकर नाबाद लौटे थे। अंत में टीम इंडिया को उस मुकाबले में एक आसान जीत मिली थी।
रोहित और विराट ले चुके हैं T20I से संन्यास
2024 के बाद अब पहली बार टीम इंडिया आयरलैंड के खिलाफ कोई टी20 मैच खेलेगी। रोहित और विराट पहले ही टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके हैं, इसी वजह से ये दोनों खिलाड़ी इस सीरीज में खेलते हुए नजर आएंगे। इन दो मैचों में सभी की नजरें 15 साल के भारतीय खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी पर रहने वाली है। इस सीरीज के लिए वैभव को टीम इंडिया में जगह मिली है, अब देखना ये होगा कि उन्हें पहले टी20 में डेब्यू करने का मौका मिलता है या नहीं।
यह भी पढ़ें
भारतीय महिला टीम का केवल जीत से नहीं बनेगा काम, हरमनप्रीत कौर को आज चाहिए बहुत बड़ी जीत