Munaf Patel on Mitchell Starc: IPL 2026 में दिल्ली कैपिटल्स ने अपने अभियान का आगाज शानदार अंदाज में किया है। टीम ने अभी तक दो मैच खेलें हैं और दोनों मैचों में टीम ने जीत दर्ज की है। दिल्ली के लिए अच्छी बात ये है कि उन्होंने ये दोनों जीत तब दर्ज की है जब उनके पास मिचेल स्टार्क जैसे गेंदबाज टीम में नहीं हैं। मिचेल स्टार्क को दिल्ली कैपिटल्स ने इस सीजन के लिए रिटेन किया था। लेकिन वह अभी तक टीम के साथ नहीं जुड़े हैं। स्टार्क का इंतजार दिल्ली कैपिटल्स की फ्रेंचाइजी बेसब्री के साथ कर रही है, लेकिन क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की तरफ से उन्हें अभी तक आईपीएल में खेलने के लिए NOC नहीं मिला है।
मिचेल स्टार्क को लेकर दिल्ली कैपिटल्स के बॉलिंग कोच ने क्या कहा?
मिचेल स्टार्क दिल्ली कैपिटल्स की टीम में कब तक शामिल होंगे इसको लेकर फ्रेंचाइजी के बॉलिंग कोच मुनाफ पटेल ने एक बड़ा अपडेट दिया है। गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच से पहले हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस में DC के बॉलिंग कोच मुनाफ पटेल ने बताया कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने स्टार्क की चोट के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं दी है। इसलिए, फ्रेंचाइजी को अभी उनकी स्थिति के बारे में कुछ पता नहीं है। उन्होंने ये भी कहा कि स्टार्क की चोट का टीम पर अब तक कोई असर नहीं पड़ा है, क्योंकि दिल्ली जीत रही है।
स्टार्क की तुलना सिर्फ बुमराह से हो सकती है- मुनाफ पटेल
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुनाफ ने ये भी कहा कि 36 साल के स्टार्क टीम के लिए क्या अहमियत रखते हैं और DC कोच ने उनकी तुलना जसप्रीत बुमराह से भी की। उन्होंने आगे कहा कि हमने दो मैच जीते हैं, इसलिए ऐसा लगता है कि हमें मिचेल स्टार्क की कमी नहीं खल रही है। कोई भी उन्हें मिस नहीं कर रहा है, क्योंकि हम अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं; लेकिन टीम में उनकी भूमिका बहुत बड़ी है। वह दुनिया के बेहतरीन गेंदबाजों में से एक हैं। वह हमेशा एक बड़े गेंदबाज रहेंगे। मुझे नहीं लगता कि IPL में गेंदबाजी के मामले में उनसे बड़ा कोई और गेंदबाज है। मुझे लगता है कि आप सिर्फ जसप्रीत बुमराह की तुलना ही उनसे कर सकते हैं।
आईपीएल में कैसा है मिचेल स्टार्क का रिकॉर्ड?
मिचेल स्टार्क की बात करें तो वह आईपीएल में अब तक तीन टीम दिल्ली कैपिटल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेल चुके हैं। इस लीग में ऑस्ट्रेलिया के इस तेज गेंदबाज ने अब तक 52 मुकाबले खेले हैं। इस दौरान वह 49 पारियों में 65 विकेट हासिल कर चुके हैं। आईपीएल में स्टार्क ने अभी तक दो बार चार विकेट हॉल और एक बार पांच विकेट हॉल लेने का कारनामा किया है। आईपीएल में उनका इकॉनमी रेट 8.31 का रहा है और उनका बेस्ट प्रदर्शन 35 रन देकर 5 विकेट का है।
यह भी पढ़ें:
DC vs GT मैच में क्या खेलेंगे कप्तान शुभमन गिल? सलामी बल्लेबाज ने कर दिया साफ
CSK हार चुकी है लगातार तीन मैच, अब कैसे होगी वापसी? इन 3 बदलाव से पलट सकती है चेन्नई की किस्मत