1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. कौन हैं दुनिथ वेल्लालागे, जिन्होंने शुभमन गिल, रोहित, कोहली और राहुल को फंसाया

कौन हैं दुनिथ वेल्लालागे, जिन्होंने शुभमन गिल, रोहित, कोहली और राहुल को फंसाया

 Written By: Pankaj Mishra
 Published : Sep 12, 2023 06:07 pm IST,  Updated : Sep 12, 2023 06:14 pm IST

Dunith Wellalage IND vs SL Asia Cup 2023 : दुनिथ वेल्लालागे ने पूरी टीम इंडिया को परेशान किया। उन्होंने रोहि​त शर्मा और विराट कोहली जैसे ​बल्लेबाजों समेत पांच विकेट लेकर तहलका सा मचा दिया।

Dunith Wellalage- India TV Hindi
Dunith Wellalage Image Source : GETTY

Dunith Wellalage IND vs SL Asia Cup 2023 : भारत और श्रीलंका की टीमें जब एशिया कप 2023 में आमने सामने आईं तो ऐसा नहीं लग रहा था कि जिस टीम इंडिया के टॉप आर्डर ने पाकिस्तानी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दी थीं, वो श्रीलंका के सामने फंस जाएगी। एशिया कप सुपर 4 का ये टीम इंडिया का दूसरा मुकाबला है। श्रीलंका के तेज गेंदबाज तो ज्यादा कारगर नहीं हुए, लेकिन इस बीच कप्तान दसुन शनाका ने गेंद थमाई अपने ऑफ स्पिनर दुनिथ वेल्लालागे को। इससे पहले शायद ही आपने यानी इंडियन फैंस ने उनका नाम ज्यादा सुना हो। लेकिन अब न केवल उनका नाम सुन लिया होगा, ​बल्कि उनका कारनामा भी देख लिया होगा। दुनिथ वेल्लालागे ने टीम इंडिया के टॉप आर्डर को एक तरह से तहस नहस कर दिया। चलिए जरा जानते हैं कि ये दुनिथ वेल्लालागे आखिर हैं कौन। 

रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने टीम इंडिया को दी अच्छी शुरुआत 

भारत बनाम श्रीलंका के बीच 11 ओवर तक सब कुछ ठीक चल रहा था, रोहित शर्मा और शुभमन गिल 80 रन बना भी चुके थे, ऐसा लग रहा था कि ये साझेदारी 100 रन तक जाएगी, लेकिन दुनिथ वेल्लालागे कुछ और ही सोच कर आए थे। उन्होंने अपने स्पैल की पहली ही गेंद पर शुभमन गिल को आउट किया। वे अभी तक केवल 19 रन ही बना पाए थे। शुभमन गिल क्लीन बोल्ड हो गए। इसके बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए विराट कोहली, उम्मीद की जा रही थी कि कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम के कोहली का जो लव अफेयर चल रहा है, वो जारी रहेगा, लेकिन विराट कोहली 14वें ओवर में दुनिथ वेल्लालागे का ही शिकार बने। विराट कोहली केवल तीन ही रन बना पाए। इसके लिए कोहली को 12 गेंदों का सामना करना पड़ा।

दुनिथ वेल्लालागे ने दिए लगातार झटके
इसके बाद लग रहा था कि दुनिथ वेल्लालागे का कहर यहीं पर रुक जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अभी तो उन्हें टीम इंडिया को और भी झटके देने थे। दुनिथ वेल्लालागे ने पारी के 16वें ओवर में रोहित शर्मा को भी छकाया और उन्हें आउट कर दिया। रोहित शर्मा ने 53 रन बनाए और 48 बॉल का सामना किया। टीम इंडिया अपने टॉप आर्डर के तीन बल्लेबाज खो चुकी थी और ये तीनों झटके दुनिथ वेल्लालागे ने ही दिए। इससे टीम इंडिया बैकफुट पर थी। हालांकि केएल राहुल और ईशान किशन ने कुछ देर कोशिश की कि विकेट न गिरे, लेकिन ज्यादा देर तक ऐसा हो नहीं पाया। कप्तान शनाका ने एक बार फिर से दुनिथ वेल्लालागे को गेंद थमाई और पारी के 30वें ओवर में केएल राहुल को 39 रन पर आउट कर दिया। इससे तो एक तरह से कहें तो हड़कंप सा मच गया। दुनिया के दिग्गज प्लेयर्स के सामने दुनिथ वेल्लालागे का ये प्रदर्शन काबिले तारीफ रहा। 

दुनिथ वेल्लालागे के बारे में जानिए 
बाएं हाथ के गेंदबाज दुनिथ वेल्लालागे ने कोलंबो के सेंट जोसेफ कॉलेज में अपनी शिक्षा पूरी की। 9 जनवरी 2003 को कोलंबो में उनका जन्म हुआ, जहां आज ये मुकाबला खेला जा रहा है। दुनिथ वेल्लालागे ने 2022 में पल्लेकेले अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था। दुनिथ वेल्लालागे अब तक अपने करियर में  श्रीलंका के लिए केवल एक टेस्ट खेला है जो पाकिस्तान के खिलाफ था। दुनिथ वेल्लालागे ने पिछले अंडर-19 विश्व कप में श्रीलंका अंडर-19 टीम की कप्तानी की। उन्होंने स्कॉटलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच विकेट लेकर अपने अभियान की शुरुआत की। दुनिथ वेल्लालागे अंडर-19 विश्व कप में टॉप प्रदर्शन करने वालों में से एक थे। उन्होंने इस टूर्नामेंट में श्रीलंका के लिए 17 विकेट लिए। दुनिथ वेल्लालागे ने अंडर-19 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अर्धशतक लगाया। हालांकि उनकी चर्चा तक शुरू हुई, जब उन्होंने 113 रनों की यादगार पारी खेली। 

दुनिथ वेल्लालागे का शानदार स्पेल दस ओवर में लिए पांच विकेट 
दुनिथ वेल्लालागे ने अब तक एक टेस्ट खेला है, जिसमें उन्हें कोई विकेट नहीं मिला है, लेकिन 13 वनडे में वे 19 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। भारत बनाम श्रीलंका के बीच आज के मैच की बात की जाए तो उन्होंने अपने कोटे के पूरे 10 ओवर फेंकर भारत के पांच विकेट चटकाए और कवेल 40 रन दिए, जिसमें से एक ओवर मेडन भी रहा। टीम इंडिया इस मैच में बड़ा स्कोर नहीं कर पाई, उसमें बड़ी भूमिका दुनिथ वेल्लालागे  की ही रही, जिन्होंने पूरी टीम को एक तरह से परेशान करके रख दिया। 

इंडिया टीवी पर खेल की ये खबरें भी पढ़ें 

रोहित शर्मा और विराट कोहली ने मिलकर रचा नया कीर्तिमान, इस खास लिस्ट में हुए शुमार

भारत बनाम पाकिस्तान ऐसे हो सकता है एशिया कप 2023 फाइनल, ये है सीधा समीकरण

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल