ICC वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप के बीच टीम इंडिया को एक बड़ा झटका लगा है। अनुभवी खिलाड़ी श्रेयांका पाटिल चोटिल होने की वजह से इस टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी हैं। साथ ही में उनके रिप्लेसमेंट का भी ऐलान हो गया है, उनकी जगह अनकैप्ड खिलाड़ी प्रेमा रावत को टी20 वर्ल्ड कप के स्क्वॉड में शामिल किया गया है। आईसीसी की इवेंट टेक्निकल कमेटी ने भारतीय टीम में पाटिल की जगह लेग-स्पिनर प्रेमा रावत को शामिल करने की मंजूरी दे दी है। प्रेमा रावत, जो पहले से ही इंडिया ए सेटअप के हिस्से के रूप में इंग्लैंड में थीं। ऐसे में अब वह टूर्नामेंट के बाकी मैचों के लिए सीनियर टीम के साथ जुड़ेंगी।
प्रेमा रावत को नहीं मिला है डेब्यू करने का मौका
24 साल की प्रेमा रावत ने अभी तक भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू नहीं किया है, लेकिन घरेलू मैचों में अपने बेहतरीन खेल से उन्होंने सबको प्रभावित किया है। इसके अलावा, वीमेंस प्रीमियर लीग (WPL) में भी उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की तरफ से खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया। इसी अच्छे खेल की वजह से उन्हें 'वीमेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट' में चुना गया, जहां उन्होंने कमाल का प्रदर्शन किया। इस टूर्नामेंट में प्रेमा ने इंडिया-ए टीम के लिए खेलते हुए शानदार इकॉनमी रेट के साथ 8 विकेट चटकाए हैं।
RCB के लिए अब तक कैसा रहा है प्रेमा रावत का प्रदर्शन?
WPL में प्रेमा रावत के प्रदर्शन को लेकर बात करें तो उन्हें RCB के लिए अब तक 6 मैचों में खेलने का मौका मिला है। उन्होंने साल 2024-25 में 3 मैच खेले थे और वहीं साल 2025-26 में भी उन्हें 3 मैचों में खेलने का मौका मिला है। कुल 6 मैचों में वह सिर्फ 3 ही विकेट लेने में कामयाब हो सकी हैं। WPL में उनका गेंदबाजी औसत 20.33 और इकॉनमी रेट 10.16 का रहा है। अब टी20 वर्ल्ड कप के लिए उन्हें प्लेइंग XI में मौका मिलता है या नहीं देखना दिलचस्प होगा।
प्रेमा रावत को लेकर ICC ने जारी किया बयान
आईसीसी ने श्रेयंका पाटिल की जगह किसी और खिलाड़ी को शामिल करने की मंजूरी देते हुए एक बयान जारी किया है। उन्होंने कहा कि महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 की कमेटी ने भारतीय टीम में श्रेयंका पाटिल की जगह प्रेमा रावत को शामिल करने की इजाजत दे दी है। बुधवार को नीदरलैंड के खिलाफ मैच में फील्डिंग करते समय श्रेयंका के दाहिने टखने में चोट लग गई थी, जिसकी वजह से वह टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं। इसी कारण उनकी जगह प्रेमा रावत को टीम में लाया गया है।
यह भी पढ़ें
फॉफ डुप्लेसी ने 41 साल की उम्र में रच दिया इतिहास, 200 से अधिक के स्ट्राइक रेट से जड़ा शतक