Yashasvi Jaiswal: न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्टेडियम में IPL 2026 का दूसरा क्वालीफायर मैच राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जा रहा है। इस मैच में राजस्थान के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। पहले बल्लेबाजी करने उतरी इस मैच में राजस्थान को अच्छी शुरुआत नहीं मिली। पहले ही ओवर में टीम के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल आउट होकर पवेलियन लौट गए। इसके साथ ही आईपीएल प्लेऑफ में जायसवाल का फ्लॉप शो जारी रहा।
IPL प्लेऑफ में अब तक कैसा रहा है यशस्वी जायसवाल का प्रदर्शन?
आईपीएल प्लेऑफ जैसे बड़े मैचों में जायसवाल का प्रदर्शन अभी तक काफी खराब रहा है। उन्होंने अब तक प्लेऑफ में 7 पारियों में बल्लेबाजी की है, इस दौरान उनके बल्ले से 23.28 के औसत से सिर्फ 163 रन आए हैं। प्लेऑफ मैचों में जायसवाल का स्ट्राइक रेट 137 का रहा है। वहीं उनका हाईएस्ट स्कोर 45 का है। प्लेऑफ मुकाबलों में जायसवाल के बल्ले से अभी तक एक भी अर्धशतकीय पारी देखने को नहीं मिली है। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर मैच भी जायसवाल 29 बॉल पर 29 रन बनाकर आउट हो गए थे।
जायसवाल ने इस आईपीएल सीजन में बनाए 400 से अधिक रन
आईपीएल 2026 में यशस्वी जायसवाल के प्रदर्शन को लेकर बात करें तो उन्हें अभी तक 16 मैचों में बल्लेबाजी करने का मौका मिला है। इस दौरान उनके बल्ले से 16 पारियों में 30.50 के औसत से 427 रन आए हैं। इस सीजन उनके बल्ले से अभी तक सिर्फ दो अर्धशतकीय पारियां देखने को मिली है। उन्होंने ये सभी रन 152.50 की स्ट्राइक रेट से बनाए हैं। उनका हाईएस्ट स्कोर नाबाद 77 रन का रहा है। अगर राजस्थान की टीम यहां से फाइनल में पहुंचती है तो फिर खिताबी मुकाबले में जायसवाल बड़ी पारी जरूर खेलने की कोशिश करेंगे।
GT ने अपनी प्लेइंग XI में किया एक बदलाव
राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेले जा रहे मैच की बात करें तो RR के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। आईपीएल 2026 में पिछले 7 में से छह मुकाबले पहले बैटिंग करने वाली टीम ने जीते हैं। इस मैच के लिए गुजरात ने अपनी प्लेइंग XI में एक बदलाव किया है, उन्होंने कुलवंत खेजरोलिया की जगह आर साई किशोर को मौका दिया है। पहले बैटिंग करते हुए RR की टीम GT के सामने कितना बड़ा टारगेट रखती है ये देखने वाली बात होगी।
यह भी पढ़ें
वैभव सूर्यवंशी को मेडन ओवर फेंकने वाला एकमात्र गेंदबाज, GT बॉलर्स को भी आज करना होगा करिश्मा
GT vs RR: क्वालीफायर-2 मैच में आखिर क्यों हुआ दुबारा टॉस? कहां हो गई दोनों कप्तानों के बीच कन्फ्यूजन