वूमेन्स प्रीमियर लीग (WPL) 2026 शुरू होने से पहले गुजरात जायंट्स को बड़ा झटका लगा है। टीम की स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज यास्तिका भाटिया चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं। बता दें, WPL 2026 का 9 जनवरी से आगाज होगा। टूर्नामेंट के पहले मैच में मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच मुकाबला खेला जाएगा। वहीं, गुजरात जायंट्स 10 जनवरी को नवी मुंबई में UP वॉरियर्स के खिलाफ अपने अभियान का आगाज करेगी।
यास्तिका भाटिया के पूरे टूर्नामेंट से बाहर होने से गुजरात जायंट्स की टीम टेंशन में आ गई है क्योंकि BCCI के पहले से जारी निर्देशों के अनुसार गुजरात जायंट्स को यास्तिका के स्थान पर कोई रिप्लेसमेंट खिलाड़ी उतारने की अनुमति नहीं दी जाएगी। BCCI ने WPL ऑक्शन से पहले ही यह साफ कर दिया था कि जो भी पहले से चोटिल खिलाड़ी टूर्नामेंट में खेलने के लिए अनफिट घोषित होंगे, उनके लिए फ्रेंचाइजियों को टूर्नामेंट के दौरान कोई नया खिलाड़ी साइन करने की इजाजत नहीं होगी। इसी नियम के चलते गुजरात जायंट्स को बड़ा नुकसान झेलना पड़ेगा।
RCB और UP वॉरियर्स पर भी संकट
यास्तिका भाटिया के अलावा रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की ऑलराउंडर पूजा वस्त्राकर और यूपी वॉरियर्स (UPW) की प्रतिका रावल भी फिलहाल पूरी तरह फिट नहीं हैं। अगर ये दोनों खिलाड़ी भी टूर्नामेंट शुरू होने तक फिटनेस हासिल नहीं कर पाती हैं, तो उनकी टीमों को भी कोई रिप्लेसमेंट खिलाड़ी लेने की अनुमति नहीं मिलेगी।
टीम संतुलन पर पड़ेगा असर
इस फैसले से WPL 2026 में हिस्सा ले रहीं कई टीमों की रणनीतियों और टीम कॉम्बिनेशन पर सीधा असर पड़ सकता है। खास तौर पर गुजरात जायंट्स के लिए यास्तिका भाटिया का बाहर होना बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि वह टीम की अहम खिलाड़ी और अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं। अब सभी फ्रेंचाइज़ियां अपने मौजूदा स्क्वॉड के साथ ही टूर्नामेंट खेलने के लिए मजबूर होंगी, जिससे युवा खिलाड़ियों को खुद को साबित करने का एक बड़ा मौका मिल सकता है।
यह भी पढ़ें:
वैभव सूर्यवंशी की कप्तानी में साउथ अफ्रीका का सूपड़ा साफ, लेकिन वर्ल्ड कप में नहीं मिलेगी कमान
अभिषेक शर्मा की गेंदबाजी में हुई जमकर पिटाई, एक ओवर में लुटा डाले इतने रन; फिर भी जीत गई टीम