1. Hindi News
  2. खेल
  3. आईपीएल
  4. IPL 2020, KKR vs SRH : कसी हुई गेंदबाजी के बाद शुभमन गिल (70)* के दमदार खेल से केकेआर ने हैदराबाद को 7 विकेट से हराया

IPL 2020, KKR vs SRH : कसी हुई गेंदबाजी के बाद शुभमन गिल (70)* के दमदार खेल से केकेआर ने हैदराबाद को 7 विकेट से हराया

 Edited By: Bhasha
 Published : Sep 26, 2020 11:07 pm IST,  Updated : Sep 26, 2020 11:57 pm IST

इंडियन प्रीमियर लीग 2020 के 8वें मुकाबले में केकेआर ने हैदराबाद को 7 विकेट से हराकर सीजन-13 में दर्ज की अपनी पहली जीत

KKR vs SRH, Match 8th, Kolkata Knight Riders,  Sunrisers Hyderabad, KKR vs SRH, IPL 2020, cricket- India TV Hindi
IPL 2020, KKR vs SRH Image Source : IPLT20.COM

युवा बल्लेबाज शुभमन गिल के नाबाद अर्धशतक और पैट कमिंस की अगुवाई में गेंदबाजों के अनुशासित के दम पर कोलकाता नाइट राइडर्स ने शनिवार को इंडियन प्रीमियर लीग के मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को सात विकेट से हरा दिया। सनराइजर्स पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 142 रन ही बना सकी। 

मुंबई इंडियंस के खिलाफ शॉर्ट गेंदबाजी के लिये आलोचना झेलने वाले आईपीएल के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी कमिंस ने चार ओवर में 19 रन देकर एक विकेट लिया। वहीं स्पिनर वरूण चक्रवर्ती ने 25 रन देकर डेविड वार्नर का बेशकीमती विकेट चटकाया। जवाब में केकेआर ने दो ओवर बाकी रहते तीन विकेट खोकर 145 रन बनाये। 

यह भी पढ़ें- IPL 2020 : आईपीएल में दिनेश कार्तिक के नाम दर्ज हुआ ऐसा रिकॉर्ड जिसे वह नहीं रखना चाहेंगे याद

गिल और इयोन मोर्गन ने चौथे विकेट के लिये 92 रन की अटूट साझेदारी की। गिल 62 गेंद में पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 70 रन बनाकर नाबाद रहे जबकि मोर्गन ने 29 गेंद में 42 रन बनाये जिसमें तीन चौके और दो छक्के शामिल थे। 

इससे पहले केकेआर की शुरूआत खराब रही और दूसरे ही ओवर में सुनील नारायण (0) को खलील अहमद ने वार्नर के हाथों लपकवाया। वहीं नीतिश राणा (26) पांचवें और कप्तान दिनेश कार्तिक (0) सातवें ओवर में आउट हो गए। 

इसके बाद मोर्गन और गिल ने पारी संभाली और टीम को जीत तक ले गए। इससे पहले सनराइजर्स के लिये बल्लेबाजी में तीसरे नंबर पर फार्म में लौटे मनीष पांडे ने 38 गेंद में 51 रन बनाये जबकि रिधिमान साहा ने 31 गेंद में 30 रन का योगदान दिया। दोनों ने टीम को शुरूआती झटके से उबारने की कोशिश की लेकिन डैथ ओवरों में विकेट गंवा बैठे। 

सनराइजर्स के बल्लेबाज आखिरी ओवरों में आतिशी प्रदर्शन नहीं कर पाये। मुंबई इंडियंस के खिलाफ औसत प्रदर्शन करने वाली केकेआर आज काफी आक्रामक दिखी। सुनील नरेन और कमिंस ने नयी गेंद संभाली। 

यह भी पढ़ें- IPL 2020, KKR vs SRH : जानिए कौन है कमलेश नागरकोटी, जो 2 साल बाद अब KKR के लिए करेगा डेब्यू

कमिंस ने लैंग्थ में बदलाव करते हुए जॉनी बेयरस्टॉ को आउट करके केकेआर को पहली सफलता दिलाई। रहस्यमयी फिरकी डालने वाले चक्रवर्ती ने वार्नर के रूप में आईपीएल में अपना पहला विकेट लिया। वार्नर ने 30 गेंद में 36 रन बनाये। वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के खिलाफ भी सस्ते में आउट हो गए थे। ऊंचा शॉट खेलने के प्रयास में वह चूके और चक्रवर्ती को रिटर्न कैच दे बैठे। 

इसके बाद सनराइजर्स की रनगति बढ नहीं पाई। इस ओवर के बाद स्कोर दो विकेट पर 61 रन था। आखिरी दस ओवर में 81 रन बने। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल