1. Hindi News
  2. खेल
  3. आईपीएल
  4. IPL 2021 : धोनी की इस सलाह से बदली थी नटराजन की किस्मत, इस तरह बने चैंपियन गेंदबाज

IPL 2021 : धोनी की इस सलाह से बदली थी नटराजन की किस्मत, इस तरह बने चैंपियन गेंदबाज

 Edited By: Bhasha
 Published : Apr 07, 2021 11:37 am IST,  Updated : Apr 07, 2021 11:37 am IST

नटराजन ने पिछले आईपीएल में तेज गेंदबाजों के बीच सर्वाधिक 71 यॉर्कर फेंकी और वह धोनी और एबी डिविलियर्स जैसे बड़े नामों को आउट करने में सफल रहे। 

MS Dhoni, T Natarajan, champion bowler, RCB, SRH, cricket, sports - India TV Hindi
MS Dhoni and T Natarajan Image Source : TWITTER/@DHONISADORER

बायें हाथ के यॉर्कर विशेषज्ञ टी नटराजन ने कहा कि पिछले साल इंडियन प्रीमियर लीग के दौरान पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने उन्हें धीमे बाउंसर और कटर डालने की सलाह दी थी जिससे उन्हें अपने कौशल को निखारने में मदद मिली। तीस साल के नटराजन ने पिछले आईपीएल में तेज गेंदबाजों के बीच सर्वाधिक 71 यॉर्कर फेंकी और वह धोनी और एबी डिविलियर्स जैसे बड़े नामों को आउट करने में सफल रहे। 

‘ईएसपीएनक्रिकइंफो’ ने नटराजन के हवाले से कहा, ‘‘धोनी जैसे खिलाड़ी से बात करना ही अपने आप में बड़ी बात है। उन्होंने मेरे से फिटनेस के बारे में बात की और मुझे प्रोत्साहित किया, कहा कि अनुभव के साथ मैं बेहतर होता जाऊंगा। उन्होंने कहा कि धीमी बाउंसर्स, कटर्स और इस तरह की विविधता का इस्तेमाल करो। यह मेरे लिए उपयोगी रहे।’’

यह भी पढ़ें- IPL 2021 : कोविड-19 की जांच में निगेटिव पाए गए देवदत्त पड्डीकल, टीम के साथ जुड़ने के लिए हैं तैयार

सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज नटराजन ने धोनी को आउट किया था। इस तेज गेंदबाज को आईपीएल में शानदार प्रदर्शन की बदौलत आस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय टीम में रिजर्व खिलाड़ी के रूप में शामिल किया गया और बाद में मुख्य टीम में जगह दी गई। नटराजन ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान तीनों प्रारूपों में डेब्यू करने में सफल रहे। 

धोनी के विकेट को याद करते हुए नटराजन ने कहा, ‘‘मैंने बल्ले के पास गेंद की और उन्होंने बड़ा छक्का जड़ दिया- 102 मीटर के आसपास। अगली गेंद पर मैंने उनका विकेट हासिल किया (और जश्न नहीं मनाया)- मैं सिर्फ पिछली गेंद के बारे में सोच रहा था।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘ड्रेसिंग रूम में लौटने के बाद मैं खुश था। मैच खत्म होने के बाद मैंने उनके साथ बात भी की।’’ आईपीएल के दौरान नटराज ने डिविलियर्स को भी आउट किया जो इस लुभावनी लीग में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर का प्रतिनिधित्व करते हैं। इसी दिन नटराजन पिता भी बने। 

यह भी पढ़ें- IPL 2021 : आरसीबी के खेमें में आया कोरना संक्रमण का दूसरा मामला, डेनियल सैम्स हुए कोविड पॉजिटिव

नटराजन ने कहा, ‘‘एक तरफ मेरे घर बेटी आई और दूसरी तरफ मुझे नॉकआउट मैच में महत्वपूर्ण विकेट मिला। मैं बेहद खुश था लेकिन मैंने अन्य को इस (बेटी के) बारे में नहीं बताया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैंने सोचा था कि मैं मैच जीतने के बाद सभी को इस बारे में बताऊंगा लेकिन मेरे कप्तान (डेविड) वार्नर ने इस बारे में बता दिया, मुझे लगता है कि मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान।’’ 

नटराजन की सनराइजर्स की टीम आईपीएल में अपने अभियान की शुरुआत रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ करेगी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल