1. Hindi News
  2. खेल
  3. आईपीएल
  4. IPL 2022: लखनऊ पर एकतरफा जीत के बाद गुजरात के कप्तान हार्दिक पांड्या ने की इस खिलाड़ी की जमकर तारीफ

IPL 2022: लखनऊ पर एकतरफा जीत के बाद गुजरात के कप्तान हार्दिक पांड्या ने की इस खिलाड़ी की जमकर तारीफ

 Edited By: India TV Sports Desk
 Published : May 11, 2022 11:34 am IST,  Updated : May 11, 2022 11:34 am IST

टाइटंस ने बेहतरीन गेंदबाजी से पहले शुभमन गिल के अर्धशतक के अलावा डेविड मिलर (26) के साथ उनकी चौथे विकेट की 52 और राहुल तेवतिया के साथ पांचवें विकेट की 41 रन की अटूट साझेदारी से चार विकेट पर 144 रन बनाए।

IPL 2022, Lucknow, Gujarat Titans, captain, Hardik Pandya, Shubhman Gill, Sports, cricket, आईपीएल, ग- India TV Hindi
लखनऊ के खिलाफ मैच जीतने के बाद गुजरात टाइटंस के कप्तान हार्दिक पांड्या Image Source : IPLT20.COM/BCCI

लखनऊ सुपर जाइंट्स के कप्तान हार्दिक पंड्या ने लखनऊ सुपर जाइंट्स को एकतरफा मुकाबले में 62 रन से हराकर इंडियन प्रीमियर लीग 2022 के प्ले ऑफ में जगह बनाने वाली पहली टीम बनने के बाद कहा कि उन्हें महसूस हो गया था कि उन्होंने पर्याप्त रन बना लिए हैं। आईपीएल की दो सबसे नई टीम के बीच हुए इस मुकाबले में 145 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सुपर जाइंट्स की टीम राशिद खान (24 रन पर चार विकेट), आर साई किशोर (सात रन पर दो विकेट), यश दयाल (24 रन पर दो विकेट) और मोहम्मद शमी (पांच रन पर एक विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने 13.5 ओवर में 82 रन पर ढेर हो गई। 

टाइटंस ने इससे पहले शुभमन गिल (49 गेंद में नाबाद 63, सात चौके) के अर्धशतक के अलावा डेविड मिलर (26) के साथ उनकी चौथे विकेट की 52 और राहुल तेवतिया (16 गेंद में नाबाद 22, चार चौके) के साथ पांचवें विकेट की 41 रन की अटूट साझेदारी से चार विकेट पर 144 रन बनाए। 

यह भी पढ़ें- मोटापे के कारण विश्व कप में नहीं मिला था मौका, अब 29 किलो वजन कम कर IPL में CSK के लिए धमाल मचा रहे हैं तीक्षणा

हार्दिक ने टीम की 62 रन की जीत के बाद कहा, ‘‘जिस तरह सभी ने बल्लेबाजी की, विशेषकर शुभमन ने, मुझे महसूस हो गया था कि 145 रन (144 रन) बनाने के बाद हमारे पास अच्छा मौका होगा। मुझे लगता है कि उनके गेंदबाजों ने थोड़ी शॉर्ट गेंदबाजी की। फुल लेंथ की गेंदों पर अच्छे नतीजे मिल रहे थे। हमने समूह में यही बात की कि वे सिर्फ दो शॉट पर रन बना सकते हैं, अगर आपने काफी फुल लेंथ की गेंद की तो कवर ड्राइव पर और अगर आपने विकेट से दूर गेंदबाजी की तो।’’ उन्होंने कहा, ‘‘गेंदबाजों ने उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन किया और हमने कोई गलती नहीं की।’’ 

यह भी पढ़ें- IPL 2022 PlayOffs : जीत के साथ ही GT को डबल फायदा, मिल सकते हैं 2 मौके

हार्दिक ने कहा कि पिछला मैच अच्छी स्थिति में होने के बावजूद गंवाने पर उन्होंने साथी खिलाड़ियों से बात की थी। उन्होंने कहा, ‘‘14वें मैच से पहले क्वालीफाई करना शानदार है, यह शानदार प्रयास है और हमें अपने ऊपर गर्व है। मैंने मैदान पर उतरने से पहले पिछले मुकाबले के बारे में साथी खिलाड़ियों के साथ बात की। मुझे लगता है कि हमने जो भी मैच जीते उनमें हम दबाव में थे। पिछला मैच एकमात्र मुकाबला था जिसमें हम अच्छी स्थिति में थे और हमारे पास जिस तरह के बल्लेबाज थे हमें वह मैच जीतना चाहिए था। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। हमने इसी बारे में बात की। ’’ 

इनपुट- भाषा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल