कुआलालम्पुर: पुरूष हाकी की एशियाई चैम्पियंस ट्राफी दो साल बाद अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर में लौटेगी और इसका चौथा सत्र मलेशिया के कुआंटन में 20 से 30 अक्तूबर तक खेला जायेगा। एशियाई हाकी महासंघ ने आज यह ऐलान किया। 2011 में शुरू हुई एशियाई चैम्पियंस ट्राफी आखिरी बाद 2013 में खेली गई थी। रियो ओलंपिक के बाद होने जा रहे टूर्नामेंट में भारत, कोरिया, जापान, चीन, मलेशिया और पिछले दो सत्रों का विजेता पाकिस्तान भाग लेंगे।
एएचएफ ने एक बयान में कहा कि आज हुए एक समारोह में एशियाई हाकी महासंघ के अध्यक्ष एचआरएच प्रिंस अब्दुल्ला अहमद शाह और मलेशिया हाकी परिसंघ के अध्यक्ष दातो श्री सुभान कमाल ने पुरूषों की एशियाई चैम्पियंस ट्राफी 2016 कुआंतन में कराने के समझौते पर हस्ताक्षर किये। पाकिस्तान ने दो बार एशियाई चैम्पियंस ट्राफी जीती है जबकि भारत ने भी एक बार पोडियम पर जगह बनाई। मलेशिया ने तीनों सत्रों में कांस्य पदक जीता। कोरिया पहली बार यह टूर्नामेंट खेलेगा।
राउंड राबिन आधार पर खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट में सभी टीमें एक बार एक दूसरे के खिलाफ खेलती हैं। शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी