बेल्जियम: स्ट्राइकर आकाशदीप सिंह के अनुसार भारतीय टीम को भले ही शनिवार से शुरू हो रहे हाकी विश्व लीग सेमीफाइनल्स के जरिये ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने की चिंता नहीं हो लेकिन उसे इस टूर्नामेंट की अहमियत पता है।
आकाशदीप ने कहा हमें टूर्नामेंट की अहमियत पता है क्योंकि यहां का नतीजा टीम संयोजन, दीर्घकाल में हमारी मौजूदा रणनीति की व्यावहारिकता और किन क्षेत्रों पर ध्यान देने की जरूरत है जैसे मुद्दों के संदर्भ में हमारी भविष्य की राह तय करेगा।
उन्होंने कहा, प्रत्येक खिलाड़ी को इसकी जानकारी है और वे सुनिश्चित कर रहे हैं कि अपने काम को अंजाम दें क्योंकि यहां गलती की गुंजाइश काफी कम है। एक टीम के रूप में हम ऐसे बिंदू पर पहुंच गए हैं जहां हमें प्रगति करनी होगी और मजबूत होना होगा।
भारतीय पुरूष हाकी टीम दक्षिण कोरिया के इंचियोन में एशियाई खेलों का स्वर्ण पदक जीतकर पहले ही 2016 रियो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर चुकी है।
पुरूष टीम को टूर्नामेंट के पहले दिन शनिवार को फ्रांस का सामना करना है जबकि महिला टीम अपने अभियान की शुरूआत इसी दिन बेल्जियम के खिलाफ करेगी।