इपोह: आक्रामक तेवर लेकर उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम के सामने भारतीय डिफेंस तितर बितर हो गया जिससे 25वें सुल्तान अजलन शाह कप हॉकी टूर्नामेंट के दूसरे लीग मैच में भारत को 1-5 से करारी हार झेलनी पड़ी। आठ बार की विजेता ऑस्ट्रेलियाई टीम ने अपने अभियान का आगाज जीत के साथ करके भारत के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। पिछले साल उसे फाइनल में न्यूजीलैंड ने मात दी थी।
ऑस्ट्रेलिया के लिए ब्लैक गोवर्स (पांचवां मिनट), जैकब वेटन (13वां मिनट), एडी ओकेंडेन (20वां), साइमन ओचार्ड (25वां) और मैट गोडेस (53वां मिनट) ने गोल किए। ओलंपिक की तैयारी के लिए ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पूरी मजबूत टीम यहां उतारी है। भारत के लिए एकमात्र गोल रूपिंदर पाल सिंह ने पेनल्टी कार्नर पर आठवें मिनट में किया। राउंड राबिन लीग में ऑस्ट्रेलिया का यह पहला मैच था जबकि भारत ने पहले मैच में जापान को 2-1 से हराया था। भारत को खराब पेनल्टी कार्नर का खामियाजा भुगतना पड़ा।
शुरूआती दस मिनट में भारतीय टीम मौकों का फायदा नहीं उठा सकी। एस वी सुनील को शुरूआती मिनटों में ही गोल करने का मौका मिला लेकिन वह चूक गए। ऑस्ट्रेलिया के लिए पांचवें मिनट में गोवर्स ने पहला गोल किया। भारत ने तीन मिनट बाद बराबरी की जब रूपिंदर ने पेनल्टी कार्नर को गोल में बदला।