सिडनी: भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने आज आस्ट्रेलियन ओपन सुपर सीरीज के वुमन सिंगल्स में दुनिया की दूसरे नंबर की चीनी खिलाड़ी यिहान वांग को हराकर फाइनल में प्रवेश किया, जिससे वह इस सीज़न में अपने पहले खिताब से महज एक कदम दूर हैं। साइना के लिये रियो ओलंपिक अभियान से पहले यह प्रदर्शन मनोबल बढ़ाने वाला रहेगा, उन्होंने 2011 विश्व चैम्पियन और 2012 ओलंपिक रजत पदकधारी चौथी वरीय यिहान को आधे घंटे तक चले सेमीफाइनल में 21.8, 21.12 से शिकस्त दी।
लंदन ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली साइना की भिड़त अब फाइनल में रविवार को चीन की दुनिया की 12वीं नंबर की खिलाड़ी सुन यु से होगी, जिन्होंने एक अन्य सेमीफाइनल में हमवतन लि जुरेई को हराया।
साइना 2014 में आस्ट्रेलियन ओपन जीत चुकी हैं, उनका सुन के खिलाफ रिकार्ड 5.1 का है। सुन ने 2013 चाइना ओपन में एक बार इस भारतीय खिलाड़ी को पराजित किया था।
पुरुष सिंगल्स में किदाम्बी श्रीकांत सेमीफाइनल में डेनमार्क के हैंस-क्रिस्टियन विटिंगस से हार गये। उन्हें 43 मिनट तक चले सेमीफाइनल मुकाबले में 20.22, 13.21 से हार मिली।